Homeग्वालियर अंचलयूं ही कोई संगठन नहीं बन जाता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, श्रम सहभाग...

यूं ही कोई संगठन नहीं बन जाता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, श्रम सहभाग की अनूठी कार्यशैली ने किया प्रभावित

प्रवीण दुबे 

मेला मैदान में स्वयंसेवक खुद संभाल रहे शिविर की व्यवस्थाएं, सफाई से लेकर टेंट लगाने तक में जुटे; 4 दिसंबर से जुटेंगे 3 हजार स्वयंसेवक

ग्वालियर, 27 नवंबर 2026/किसी संगठन की मजबूती केवल उसके विशाल आकार या सदस्यों की संख्या से नहीं, बल्कि उसकी कार्यसंस्कृति, अनुशासन और समर्पण से पहचानी जाती है। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी संकल्प शिविर की तैयारियों के दौरान ग्वालियर के मेला मैदान में कुछ ऐसे ही नजारे देखने को मिल रहे हैं, जो यह सोचने पर मजबूर करते हैं कि आखिर कोई संगठन यूं ही दुनिया का सबसे बड़ा स्वयंसेवी संगठन नहीं बन जाता।

संघ के स्वयंसेवक इन दिनों किसी बाहरी व्यवस्था या श्रमिक दल के भरोसे रहने के बजाय खुद श्रमदान कर शिविर स्थल को तैयार करने में जुटे हैं। साफ-सफाई हो, स्वच्छता अभियान हो, अस्थायी टेंट लगाने का काम हो या पूरे परिसर को सुव्यवस्थित करने की जिम्मेदारी, हर काम में स्वयंसेवक खुद हाथ बंटाते दिखाई दे रहे हैं। इसके लिए संघ ने बाकायदा ‘श्रम सहभाग’ नाम से अभियान शुरू किया है।

शिविर की तैयारियों के तहत 10 नवंबर से स्वयंसेवक प्रतिदिन मेला मैदान पहुंचकर श्रम सहभाग कर रहे हैं। इसकी शुरुआत 201 स्वयंसेवकों ने सामूहिक रूप से स्वच्छता और व्यवस्था निर्माण के कार्य में योगदान देकर की थी। इसके बाद से लगातार स्वयंसेवक इस अभियान में अपनी भागीदारी निभा रहे हैं। खास बात यह है कि यहां पद और दायित्व से अधिक महत्व काम को दिया जा रहा है। स्वयंसेवक सामूहिक रूप से श्रमदान कर यह संदेश दे रहे हैं कि संगठन का प्रत्येक कार्यकर्ता अपने दायित्वों के प्रति स्वयं जिम्मेदार है।

दरअसल, संघ की कार्यपद्धति में सामूहिकता, अनुशासन और स्वावलंबन को महत्वपूर्ण स्थान दिया जाता है। शिविर शुरू होने से पहले श्रम सहभाग के माध्यम से इसका व्यावहारिक उदाहरण भी देखने को मिल रहा है। स्वयंसेवकों की यह कार्यशैली आयोजन की तैयारियों को केवल एक व्यवस्था निर्माण का काम नहीं रहने देती, बल्कि इसे संगठनात्मक संस्कार और सामूहिक जिम्मेदारी का परिचायक बना देती है।

4 दिसंबर से शुरू होगा शताब्दी संकल्प शिविर

उल्लेखनीय है कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्थापना के 100 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में मध्य भारत प्रांत का तीन दिवसीय ‘शताब्दी संकल्प शिविर’ 4 से 6 दिसंबर तक ग्वालियर के मेला मैदान में आयोजित किया जाएगा। शिविर में मध्य भारत प्रांत के करीब 3 हजार स्वयंसेवक शामिल होंगे। आयोजन का उद्देश्य स्वयंसेवकों में राष्ट्रभक्ति, सामाजिक समरसता, अनुशासन और संगठनात्मक भावना को मजबूत करना तथा राष्ट्र एवं समाज के प्रति उनके दायित्वों का बोध कराना है।

शिविर के दौरान स्वयंसेवकों को शारीरिक एवं बौद्धिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। साथ ही सामाजिक और राष्ट्रीय दायित्वों के प्रति जागरूक करते हुए संगठित, अनुशासित और संस्कारित समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प दिलाया जाएगा।

5 दिसंबर को निकलेगा अनुशासित पथ संचलन

शिविर के दूसरे दिन 5 दिसंबर को शाम 4 बजे प्रशिक्षित स्वयंसेवकों का पथ संचलन निकलेगा। यह संचलन मेला मैदान से प्रारंभ होकर गोले का मंदिर, मुरार रोड और इंद्रमणी नगर से होते हुए वापस शिविर स्थल पहुंचेगा। पथ संचलन के माध्यम से स्वयंसेवक एकता, अनुशासन और संगठनात्मक शक्ति का संदेश देंगे।

6 दिसंबर को होगा भव्य प्रकट कार्यक्रम

शिविर के अंतिम दिन 6 दिसंबर को शाम 4 बजे शिविर परिसर में भव्य प्रकट कार्यक्रम एवं विशेष प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा। इसमें ग्वालियर महानगर के प्रबुद्धजनों के साथ करीब 10 हजार नागरिकों के शामिल होने की संभावना है। कार्यक्रम के माध्यम से नागरिकों को संघ की कार्यपद्धति, संगठनात्मक गतिविधियों और स्वयंसेवकों के प्रशिक्षण से परिचित कराया जाएगा।

फिलहाल शिविर से पहले मेला मैदान में चल रहा श्रम सहभाग अभियान अपने आप में चर्चा का विषय बना हुआ है। स्वयंसेवकों का खुद आगे आकर व्यवस्थाओं में जुटना यह संदेश दे रहा है कि किसी बड़े आयोजन की सफलता केवल संसाधनों से नहीं, बल्कि समर्पण, सामूहिक प्रयास और जिम्मेदारी की भावना से सुनिश्चित होती है। शायद यही वह कार्यसंस्कृति है, जिसने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ को एक शताब्दी की यात्रा में एक विशाल स्वयंसेवी संगठन के रूप में स्थापित किया है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments