अमेरिकी एयरस्पेस में चीन के संदिग्ध Spy Balloon से हड़कंप मचा हुआ है. यह जासूसी गुब्बारा अमेरिका के मोंटाना सहित कई संवेदनशील जगहों के ऊपर उड़ते देखा गया. चीन की यह हरकत सामने आने के बाद दोनों देशों के बीच तनातनी बढ़ गई है, जिस वजह से अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन ने अपना चीन दौरा रद्द कर दिया है.
अमेरिकी रक्षा मंत्रालय पेंटागन के प्रवक्ता ब्रिगेडियर जनरल पैट्रिक राइडर का कहना है कि यह स्पाई बैलून मध्य अमेरिका के ऊपर देखा जा सकता है. उन्होंने हालांकि, इस बैलून के लोकेशन की पल-पल की जानकारी देने से इनकार करते हुए कहा कि बैलून की लोकेशन फिलहाल कहां है और वह किस तरह बढ़ रहा है. इस मामले में वह पल-पल की अपडेट नहीं चाहते.
पेंटागन का कहना है कि अमेरिका के एयरस्पेस में दिख रहे इस स्पाई बैलून ने अपना रास्ता बदल लिया है और अब इसे मध्य अमेरिका के पूर्व की तरफ देखा जा सकता है. इसके अलावा पेंटागन ने यह भी जानकारी दी कि एक दूसरा चीनी गुब्बारा लैटिन अमेरिका में भी देखा गया है.
उन्होंने कहा कि नॉर्थ अमेरिकन एयरोस्पेस डिफेंस कमांड (NORAD) इस स्पाई बैलून पर लगातार नजर रखे हुए हैं. यह बैलून मोंटाना के ऊपर देखा गया और इसका आकार तीन बसों जितना बड़ा है. राइडर ने हालांकि कहा कि इस स्पाई बैलून से लोगों को किसी तरह का खतरा नहीं है.
अमेरिका बीते कुछ दिनों से अमेरिकी वायुक्षेत्र में देखे जा रहे इस बैलून को ट्रैक कर रहा है. अमेरिकी सैन्य विमानों के जरिए भी इस पर नजर रखी जा रही है.
अमेरिका के कुछ वरिष्ठ अधिकारियों ने राष्ट्रपति जो बाइडेन को सलाह दी थी कि इस बैलून के शूट डाउन से बचा जाए क्योंकि इसके नष्ट होने पर गिरने वाले मलबे से सुरक्षा स्थिति खतरे में डल सकती है.
अमेरिका के एक वरिष्ठ रक्षा अधिकारी ने बताया कि यह साफ है कि इस बैलून का इस्तेमाल जासूसी के लिए किया जा रहा है.
बता दें कि पिछले साल ताइवान मामले को लेकर दुनिया की दो सबसे बड़ी अर्थव्यवस्थाओं चीन और अमेरिका के बीच संबंध तनावपूर्ण बने हुए हैं. दरअसल अमेरिका, ताइवान में मानवाधिकारों के उल्लंघन और दक्षिण चीन सागर में चीन की सैन्य गतिविधियों की निंदा करता आ रहा है.
मोंटाना में स्पाई बैलून दिखने की वजह
अमेरिका का मोंटाना दरअसल कम आबादी वाला क्षेत्र हैं. यहां अमेरिकी एयरफोर्स का स्पेशल बेस भी है, जहां से इंटरकॉन्टिनेंटल मिसाइल ऑपरेट की जाती है. दरअसल अमेरिका में इस तरह के तीन न्यूक्लियर मिसाइल क्षेत्र ही हैं, जिनमें से एक मोंटाना है. अमेरिकी अधिकारियों के मुताबिक चीन का यह जासूसी उपकरण इन संवेदनशील जगहों की जानकारी जुटाने में जुटा है.
बता दें कि हाल के सालों में अमेरिका में कई बार स्पाई बैलून देखे गए हैं. लेकिन इस बार यह संदिग्ध चीनी स्पाई बैलून काफी समय से अमेरिकी वायुक्षेत्र में नजर आ रहा है, जिससे चिंता बढ़ गई है.
अमेरिका के आरोपों से बौखलाया चीन
अमेरिका जासूसी के इस मामले को जोर-शोर से उठा रहा है. उसने बीजिंग और वॉशिंगटन में चीनी अधिकारियों के सामने इस मुद्दे को रखा है.
चीन के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता माओ निंग ने कहा है कि हम फिलहाल तथ्यों को इकट्ठा करने और उसकी पुष्टि करने में जुटे हैं. चीन का अन्य देशों की संप्रभुता और उनके एयरस्पेस का उल्लंघन करने का कोई इरादा नहीं है. हम उम्मीद करते हैं कि दोनों पक्ष शांति और सावधानी से इस मुद्दे को संभालेंगे.
उन्होंने शुक्रवार को डेली ब्रीफिंग में कहा कि चीन एक जिम्मेदार देश है और वह हमेशा अंतरराष्ट्रीय कानूनों का पालन करता है. चीन की किसी भी संप्रभु राष्ट्र के एयरस्पेस का उल्लंघन करने की कोई मंशा नहीं है.
इसके बाद चीन के विदेश मंत्रालय ने बयान जारी कर बताया कि यह बैलून दरअसल एक नागरिक एयरशिप है, जिससे किसी को कोई नुकसान नहीं होगा. इस बैलून का काम मौसम संबंधी रिसर्च से जुड़ा हुआ है. तेज हवाओं की वजह से यह अपने निश्चित मार्ग से भटककर दूर चला गया.
अमेरिका के बाद कनाडा में दिखा गुब्बारा
अमेरिका में चीन का स्पाई बैलून दिखने के बाद अब कनाडा में भी जासूसी गुब्बारा देखा गया है. कनाडा के रक्षा मंत्रालय ने दावा किया है कि उन्होंने एक जासूसी गुब्बारा अपनी सीमा में आसमान में काफी ऊंचाई पर देखा. यह संभावित दूसरी स्पाई बैलून घटना है. कनाडाई अधिकारियों ने कहा कि वे अमेरिका के साथ मिलकर इस घटना की जांच कर रहे हैं.