सकल ब्राह्मण परिचय सम्मेलन 25 दिसंबर को चेंबर ऑफ कॉमर्स में होगा, बैठक 31 अक्टूबर को
ग्वालियर, 27 अक्टूबर। सकल ब्राह्मण महासमिति द्वारा भारत रत्न महामना पंडित मदन मोहन मालवीय एवं भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती के अवसर पर 25 दिसंबर को 19वां निःशुल्क सकल ब्राह्मण विवाह योग्य युवक-युवती परिचय सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। सम्मेलन चेंबर ऑफ कॉमर्स भवन, ग्वालियर में महासमिति के संस्थापक डॉ. जयवीर भारद्वाज की अध्यक्षता में होगा।
महासमिति के अध्यक्ष प्रकाश नारायण शर्मा द्वारा लिए गए निर्णय के अनुसार आयोजित होने वाले इस सम्मेलन में सनाढ्य, भार्गव, कान्यकुब्ज, आदि गौड़, जिझौतिया, महाराष्ट्रीयन, भूमिहार, पंजाबी, गुजराती, बरुआ, मैथिल एवं ब्रह्मभट्ट सहित विभिन्न ब्राह्मण समाजों के विवाह योग्य युवक-युवतियों को परिचय का अवसर मिलेगा।
31 अक्टूबर को होगी महासमिति की बैठक
सम्मेलन की तैयारियों एवं आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तय करने के लिए 31 अक्टूबर को शाम 5:15 बजे सकल ब्राह्मण महासमिति के प्रधान कार्यालय, ऊंट पुल स्थित किताब घर के बगल में बैठक आयोजित की जाएगी।
बैठक में परिचय सम्मेलन के लिए विवाह योग्य युवक-युवतियों के पंजीयन की तिथि घोषित करने पर विचार किया जाएगा। इसके साथ ही ब्राह्मण समाज के तलाकशुदा, विधवा एवं विधुर व्यक्तियों के पुनर्विवाह के लिए भी पंजीयन की व्यवस्था पर चर्चा होगी, ताकि इच्छुक लोगों को पुनर्विवाह के लिए उपयुक्त जीवनसाथी तलाशने का अवसर मिल सके।
बैठक में आगामी सामाजिक कार्यक्रमों की रूपरेखा को अंतिम रूप देने के साथ ही सकल ब्राह्मण महासमिति, ग्वालियर की महिला अध्यक्ष बीना भारद्वाज के पुनर्गठन की तिथि पर भी विचार किया जाएगा।
समाज को एकजुट करने का लिया संकल्प
बैठक के अवसर पर प्रतिका पाठक एडवोकेट, जितेंद्र शर्मा एडवोकेट, गौरव मिश्रा एडवोकेट, रामनारायण मिश्रा, गिरिराज गुरुजी, डॉ. ओ.एन. कौल, ब्रह्मदत्त पाण्डेय शास्त्री, शशिकांत दीक्षित, विजय कब्जू, रवि गौड़, महेश मिश्रा, मनोज त्रिपाठी, महेश मुदगल एवं डॉ. केशव पांडे सहित अन्य समाजजनों ने ब्राह्मण समाज को एकजुट करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. मुन्नालाल शर्मा एवं देवेंद्र कुमार पाठक ने किया। आभार सुधा दीक्षित एवं संगीता शर्मा ने व्यक्त किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में विप्रजन, मातृशक्ति एवं युवा उपस्थित रहे