मुम्बई /बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन शनिवार को कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। उन्हें मुंबई के नानावटी अस्पताल में भर्ती कराया गया। इसकी जानकारी खुद अमिताभ बच्चन ने ट्वीट कर दी। उन्होंने ट्वीट किया, ‘मेरा कोरोना वायरस टेस्ट पॉजिटिव पाया गया है। अस्पताल में भर्ती किया गया है। अस्पताल अथॉरिटीज को जानकारी दे रही है। परिवार और स्टाफ की भी कोरोना जांच की गई है, जिसकी रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। पिछले 10 दिनों में जो लोग भी मेरे करीब आए हैं, उनसे गुजारिश है कि वो अपनी जांच करा लें।’
अस्पताल के सूत्रों के मुताबिक, अमिताभ बच्चन को सांस लेने में तकलीफ हो रही थी। शनिवार को रात लगभग 10 बजे उन्हें अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल के एक डॉक्टर ने कहा, ‘वह स्थिर हैं, लेकिन सांस लेने में दिक्कत हो रही है। उनकी उम्र और ट्यूबरक्यूलोसिस समेत पिछली बीमारियों को देखते हुए, उनकी हालत में सुधार आने में समय लग सकता है।’
अमिताभ बच्चन के ट्वीट के बाद फैन्स के साथ-साथ बॉलीवुड सेलेब्स भी उनकी अच्छी सेहत के लिए दुआ कर रहे हैं। सभी ट्वीट कर बिग बी को पॉजिटिव मैसेज दे रहे हैं। बिग बी सोशल मीडिया पर बहुत एक्टिव रहते हैं। वह लगातार पोस्ट्स के माध्यम से अपने गोल्डन मेमोरीज शेयर करते रहते हैं। हाल ही में अमिताभ ने बेटे अभिषेक बच्चन और बेटी श्वेता बच्चन के साथ अपनी एक तस्वीर पोस्ट की थी। उन्होंने दो फोटोज का एक कोलाज शेयर किया था।