Homeउत्तरप्रदेशअस्पताल में आग से दस बच्चों की दर्दनाक मौत के बाद कई...

अस्पताल में आग से दस बच्चों की दर्दनाक मौत के बाद कई परिवार सदमें में

झांसी /उत्तर प्रदेश के झांसी में महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज में शुक्रवार रात भीषण आग लगने से 10 नवजात की मौत हो गई.

ये आग अस्पताल के नवजात शिशु गहन चिकित्सा कक्ष (एनआईसीयू) में लगी. झांसी के ज़िलाधिकारी अविनाश कुमार ने 10 नवजात की मौत की पुष्टि की है.

राज्य के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस घटना पर सोशल मीडिया वेबसाइट एक्स पर पोस्ट लिखकर घटना पर दुख ज़ाहिर किया है.

वहीं शनिवार की तड़के यूपी के उप-मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक घटनास्थल पर पहुंचे . उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यालय ने एक्स पर पोस्ट करके बताया है कि मृत नवजात बच्चों के परिजनों को पांच लाख रुपये और गंभीर घायलों को पचास हज़ार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है.

ब्रजेश पाठक ने घटनास्थल पर पहुंचने के बाद कहा “हम परिजनों के साथ मिलकर बच्चों की पहचान कर रहे हैं. घटना के उच्च स्तरीय जांच के आदेश दे दिए गए हैं. पहली जांच शासन स्तर पर होगी, जो कि स्वास्थ्य विभाग करेगा. दूसरी जांच पुलिस प्रशासन की तरफ से की जाएगी. जिसमें फायर विभाग की टीम भी शामिल होगी. तीसरी जांच मजिस्ट्रेट के स्तर पर होगी. हर हाल में घटना की जांच की जाएगी. जो भी कारण होंगे वे प्रदेश की जनता के सामने रखे जाएंगे.”

झांसी के चीफ़ मेडिकल सुपरिंटेंडेंट सचिन मोहर ने बताया है कि ये घटना ऑक्सीजन कंसंट्रेटर में आग लगने से हुई है.

उन्होंने बताया, “एनआईसीयू वार्ड में 54 बच्चे भर्ती थे और अचानक ऑक्सीजन कंसंट्रेटर में आग लग गई जिसको बुझाने की कोशिशें की गईं. लेकिन कमरा हाइली ऑक्सिजिनेटेड रहता है तो आग तुरंत फैल गई. इसलिए हमने जितनी कोशिश की जा सकती थी बच्चों को बाहर निकाला. ज़्यादातर बच्चों को सकुशल बाहर निकाला गया है. फ़िलहाल 10 बच्चों की मौत हुई है.”

वहीं झांसी ज़िले के डीएम अविनाश कुमार ने घटना की जानकारी देते हुए देर रात बताया था, “मौके पर मौजूद स्टाफ़ से प्राप्त प्राथमिक जानकारी के अनुसार, 10:30 से 10:45 बजे के बीच संभवत: शॉर्ट सर्किट की वजह से एनआईसीयू के अंदर की यूनिट में आग लगी.”

“10 बच्चों की मौत की सूचना मिली है. समय पर टीम पहुंच गई थी और कई बच्चों को सुरक्षित बचा लिया गया है. कमिश्नर और डीआईजी की निगरानी में जांच समिति बनाई गई है जिसकी रिपोर्ट मुख्यमंत्री को सौंपी जाएगी.”

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments