ग्वालियर 5 अक्टूबर 2026/महादजी सिंधिया हॉकी अकादमी, ग्वालियर की वार्षिक आम सभा की बैठक में अकादमी के अध्यक्ष पद के लिए जिला योजना समिति के सदस्य आशीष प्रताप सिंह राठौड़ के नाम का प्रस्ताव मनोज परिहार ने रखा। उपस्थित सदस्यों ने प्रस्ताव को सर्वसम्मति से पारित करते हुए आशीष प्रताप सिंह राठौड़ को अकादमी का अध्यक्ष निर्वाचित किया।
अध्यक्ष चुने जाने के बाद आशीष प्रताप सिंह राठौड़ ने कहा कि वे अकादमी के विकास तथा ग्वालियर में हॉकी को और अधिक मजबूत बनाने के लिए हरसंभव प्रयास करेंगे। उन्होंने खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण एवं सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा हॉकी की नई प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने पर जोर दिया।
अकादमी के सचिव अविनाश भटनागर ने बताया कि महादजी सिंधिया हॉकी अकादमी की स्थापना वर्ष 2000 में ग्वालियर में की गई थी। स्थापना के बाद से ही अकादमी हॉकी के विकास और खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। अकादमी के प्रयासों से अनेक खिलाड़ियों ने राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है।
उन्होंने कहा कि आशीष प्रताप सिंह राठौड़ के अध्यक्ष बनने से अकादमी को नई ऊर्जा और दिशा मिलने की उम्मीद है। आने वाले समय में खिलाड़ियों के प्रशिक्षण एवं सुविधाओं को बेहतर बनाने के साथ-साथ नई प्रतिभाओं को अवसर उपलब्ध कराने के लिए अकादमी द्वारा निरंतर कार्य किया जाएगा।
बैठक में श्याम श्रीवास्तव, कमल किशोर, अनुराग जैन, दिव्यांशी बघेल, मनोज परिहार, अर्जुन शर्मा, शुभी शर्मा और अंशु श्रीवास्तव सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।