गाजा पर इजरायल के हमले अभी भी जारी हैं. रविवार की सुबह एक मस्जिद पर की गई भीषण बमबारी में 18 से अधिक लोगों के मारे जाने की जानकारी मिली है, जैसा कि फिलिस्तीनी समाचार एजेंसी वफा ने बताया. इस हमले में कई लोग घायल भी हुए हैं, जबकि इजरायल का कहना है कि यह हमला हमास के कमांड सेंटर पर किया गया था. आपको यह भी बताना जरूरी है कि पिछले साल 7 अक्तूबर से दोनों देशों के बीच युद्ध चल रहा है. इस संघर्ष की पहली बरसी से ठीक पहले मध्य गाजा पट्टी के डेर अल-बला में अल-अक्सा अस्पताल के निकट स्थित मस्जिद पर यह हमला किया गया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हताहतों की संख्या बढ़ सकती है, क्योंकि मस्जिद का इस्तेमाल विस्थापित लोगों के आश्रय के रूप में किया जा रहा था.
इजरायली सेना ने एक बयान में कहा कि उसने हमास के आतंकवादियों पर एक सटीक हमला किया है. ये आतंकवादी डेर अल बलाह के क्षेत्र में ‘शुहादा अल-अक्सा’ मस्जिद के रूप में काम करने वाली एक संरचना में स्थित कमांड और कंट्रोल सेंटर के भीतर सक्रिय थे. इससे पहले, हमास की सशस्त्र शाखा अल-कस्साम ब्रिगेड ने वेस्ट बैंक के तुलकरम शहर पर एक इजरायली हमले में अपने एक प्रमुख कमांडर जही यासर अब्द अल-रजेक औफी सहित सात अन्य लड़ाकों की मौत की पुष्टि की थी. हमास ने एक बयान में कहा कि इजरायल को अपने आपराधिक कार्यों की कीमत चुकानी होगी.