तमिलनाडु के करुर में आयोजित टीवीके (टीम विजय कझगम) रैली में भारी भीड़ के कारण अफरा-तफरी मच गई. रैली के दौरान भगदड़ मच गई और कई कार्यकर्ता बेहोश हो गए, जिन्हें तुरंत एम्बुलेंस से अस्पताल ले जाया गया. कई बच्चों को भी बेहोशी के कारण भर्ती किया गया. इस भगदड़ में 29 लोगों की मौत की आशंका जताई जा रही है. तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने घटना को लेकर जांच के आदेश दिए हैं.
यह घटना तब हुई जब विजय करुर में भाषण दे रहे थे. टीवीके प्रमुख विजय ने अपनी भाषण बीच में रोक दी और कार्यकर्ताओं को पानी की बोतलें दीं. उन्होंने भीड़ से एम्बुलेंस के लिए रास्ता बनाने का आग्रह किया. इस दौरान, रैली में 9 साल की एक बच्ची लापता हो गई, जिसे तलाशने के लिए विजय ने कार्यकर्ताओं से मदद मांगी. बताया जा रहा है कि भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज भी किया.
तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) चीफ विजय की नमक्कल और करूर में चुनावी रैलियों के दौरान खूब भीड़ उमड़ी. विजय ने रैलियों के दौरान डीएमके और एआईएडीएमके पर कड़ा हमला बोला. विजय ने साफ कहा कि उनकी पार्टी भाजपा से गठबंधन नहीं करेगी और न ही झूठे वादों का सहारा लेगी. उन्होंने राज्य सरकार पर सड़क, स्वास्थ्य सेवा, स्वच्छ पानी और सुरक्षा जैसी बुनियादी सुविधाएं न देने का आरोप लगाया.
विजय ने कहा कि 2026 का असली मुकाबला डीएमके और टीवीके के बीच होगा, जिसमें जनता की ताकत बनाम भ्रष्ट शासन की लड़ाई होगी. उन्होंने हर शनिवार को राज्यभर के विधानसभा क्षेत्रों का दौरा करने की घोषणा की.