भोपाल. महज 11 सेकेंड में 100 मीटर की रेस पूरी करने वाले शिवपुरी के धावक रामेश्वर गुर्जर का सोमवार सुबह भोपाल के टीटी नगर स्टेडियम में ट्रायल किया गया। रामेश्वर गुर्जर इस ट्रायल में उम्मीद के मुताबिक बेहतर प्रदर्शन नहीं कर पाए। उन्होंने 100 मीटर की रेस 12.90 सेकेंड में पूरी की। लेकिन सोशल मीडिया में उनका जो वीडियो वायरल हुआ था उसमे उन्होंने 11 सेकेंड में 100 मीटर की रेस पूरी की थी। रामेश्वर सात एथलीट में आखिरी स्थान पर आए और 100 मीटर की रेस पूरी करने में उन्होंने 12.90 सेकेंड का वक्त लिया।
ट्रायल के समय मौजूद थे खेल मंत्री
रामेश्वर गुर्जर के ट्रायल के समय प्रदेश के खेल मंत्री जीतू पटवारी भी टीटी नगर स्टेडियम में मौजूद थे। रामेश्वर के ट्रायल का आयोजन खेल मंत्री जीतू पटवारी के कहने के बाद ही हुआ था। इस दौरान खेल मंत्री खुद मैदान में मौजूद थे और उन्होंने रामेश्ववर को दोड़ते हुए भी देखा। हालांकि रामेश्वर बेहतर प्रदर्शन नहीं कर सके। कहा जा रहा है कि रामेश्वर पहली बार ट्रैक में दोड़े हैं जिस कारण से वो नर्वस थे। ट्रायल के बाद उन्होंने कहा कि, रामेश्वर पहली बार इस तरह के माहौल में दौड़ा है। भले ही वो ट्रायल में आखिरी स्थान पर रहा हो, लेकिन हम उसे मध्य प्रदेश एथलेटिक्स एकेडमी में अगले एक महीने तक ट्रेनिंग देंगे। इसके बाद फिर से उसका ट्रायल लिया जाएगा।