ओरछा 04 जनवरी 2026/यंग थिंकर्स फ़ोरम (YTF), मध्य भारत प्रांत द्वारा ऐतिहासिक नगर ओरछा में एक ज्ञानवर्धक हेरिटेज वॉक का सफल आयोजन किया गया। इस विशेष भ्रमण का नेतृत्व आईआईटीटीएम के प्राध्यापक, मूर्तिकला-विज्ञान, मंदिर स्थापत्य एवं पुरातत्त्व के विशेषज्ञ प्रो. रामकृष्ण कोंगल्ला जी ने किया। कार्यक्रम में विभिन्न स्थानों से आए कुल 67 युवाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
हेरिटेज वॉक के दौरान प्रतिभागियों ने राजा राम मंदिर, चतुर्भुज मंदिर, ओरछा किला परिसर, बेतवा नदी की छतरियाँ तथा लक्ष्मी नारायण मंदिर का भ्रमण किया। प्रो. कोंगल्ला ने प्रत्येक स्थल के ऐतिहासिक विकास, स्थापत्य शैली, संरचनात्मक विशेषताओं और सांस्कृतिक महत्व पर विस्तार से जानकारी दी। इससे विद्यार्थियों को बुंदेलखंड की सांस्कृतिक विरासत की जानकारी प्राप्त हुई।
कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों की रचनात्मक और बौद्धिक भागीदारी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से रील प्रतियोगिता, स्टोरीटेलिंग प्रतियोगिता, फोटोग्राफी प्रतियोगिता तथा क्विज़ प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। इन गतिविधियों में विद्यार्थियों ने ओरछा की विरासत को अपने दृष्टिकोण से प्रस्तुत किया और इतिहास को रचनात्मक माध्यमों से समझने का प्रयास किया।
कार्यक्रम का समन्वय देवांशु वशिष्ठ और सिमरन तोमर ने किया। यंग थिंकर्स फोरम मध्य भारत प्रांत के समन्वयक श्री परेश गुप्ता ने प्रतिभागियों को मंदिर खंडन के कारण व उसका इतिहास जानने हेतु प्रोत्साहित किया। तत्पश्चात अंत में प्रतिभागियों को प्रमाण – पत्र वितरित किए गए। वाईटीएफ का परिचय जान्हवी नाईक जी द्वारा दिया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को भारतीय स्थापत्य, मंदिर परंपरा और सांस्कृतिक इतिहास से प्रत्यक्ष रूप से परिचित कराना था।