प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार को वाराणसी के बीएचयू पहुंचे और मदनमोहन मालवीय की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया. इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने बीजेपी कार्यकर्ताओं और अपने समर्थकों का अभिवादन किया और फिर गाड़ी में सवार होकर रोड शो निकाला. पीएम मोदी के रोड शो में लोगों का हुजूम उमड़ा पड़ा. बनारस की गलियां और सड़कें बीजेपी कार्यकर्ताओं और समर्थकों से पट गईं.
इस दौरान उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी बनारस हिंदू विश्वविद्यालय पहुंच और पीएम मोदी के रोड शो में शामिल हुए. इस रोड शो में उत्तर प्रदेश बीजेपी के अध्यक्ष महेंद्र पांडेय और जेपी नड्डा भी पहुंचे. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इस रोड शो से पहले बनारस की सड़कें भगवामय हो गईं. यह रोड़ शो बीएचयू गेट से होकर दशाश्वमेध घाट तक पहुंचा.
इसके बाद पीएम मोदी ने दशाश्वमेध घाट पहुंचकर गंगा आरती में हिस्सा लिया. आपको बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का यह शक्ति प्रदर्शन लोकसभा सीट से नामांकन के ठीक एक दिन पहले सामने आया है. पीएम मोदी बनारस लोकसभा सीट से 26 अप्रैल को नामांकन दाखिल करेंगे. पिछले साल भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस सीट से जीत दर्ज की थी और पहली बार संसद पहुंचे थे.