ग्वालियर / ग्वालियर किले की ऐतिहासिक इमारतों में गंदगी और चमगादड़ों की बदबू से आम पर्यटक रोजाना ही दो चार होते हैं लेकिन इसको लेकर अफसर इस कदर नाकारा हो चुके हैं कि केंद्रीय पर्यटन मंत्री के दो दिन पूर्व से घोषित ग्वालियर किले के भृमण के कार्यक्रम को भी उन्होंने हवा में उड़ा दिया। परिणाम यह हुआ कि जब आज केंद्रीय मंत्री श्री रेड्डी किला घूमने पहुंचे तो वहां गंदगी देख भड़क गए
केंद्रीय पर्यटन मंत्री जी किशन रेड्डी मंगलवार को ग्वालियर दौरे पर पहुंचे। दोपहर में वे शहर का ऐतिहासिक किला देखने पहुंचे। इसी दौरान मानसिंह महल में गंदगी दिखने पर वे बुरी तरह भड़क गए। इस बात को लेकर उन्होंने विभाग के अफसरों को जमकर फटकारा, साथ ही ये तक कह दिया कि क्या मैं झाड़ू लगाने आऊं।
ग्वालियर फोर्ट पहुंचने के बाद जी किशन रेड्डी ने मानसिंह महल देखा। यहां जब वे दुर्ग की दीवार देखने जा रहे थे तो सीढ़ियों पर गंदगी देख भड़क गए। इसके बाद पर्यटन विभाग के अफसरों को बुलाया और गंदगी दिखाई गई। रेड्डी का कहना था कि मंत्री आने पर यह हालात हैं तो आम दिनों में क्या हालात होते होंगे।
मंत्री बोले- मालूम नहीं मैं आ रहा हूं
गुस्साए मंत्री ने विभाग के अफसर से पूछा कितना स्टाफ है यहां? अफसर ने बताया कि यहां 40 कर्मचारी हैं। इस पर केन्द्रीय पर्यटन मंत्री ने भड़कते हुए कहा- झाड़ू लेकर आओ, मैं मारता हूं। मालूम नहीं है क्या कि मैं आ रहा हूं। देखो नीचे पैर के नीचे। सफाई नहीं करवाते हो यहां। ऐसे टूरिस्ट आएंगे। इस दौरान पर्यटन विभाग के अफसर बार-बार सॉरी कहते हुए नजर आए।