Homeप्रमुख खबरेंकेन्द्रीय मंत्री  नरेन्द्र सिंह  तोमर को मातृशोक 

केन्द्रीय मंत्री  नरेन्द्र सिंह  तोमर को मातृशोक 

ग्वालियर।केंद्रीय कृषि ग्रामीण विकास और पंचायती राज मंत्री व मुरैना के सांसद नरेंद्र सिंह तोमर की मां शारदा देवीजी का 95 वर्ष की आयु में आज तड़के लगभग 5 बजे दिल्ली में निधन हो गया। वे पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रही थी। हालाँकि  उन्हें कोई गंभीर बीमारी नहीं थी लेकिन अधिक आयु में होने वाली बीमारियों के चलते वे पिछले दिनों सर गंगाराम सहित कुछ अस्पतालों में भर्ती भी रही। आज सुबह उन्होंने श्री तोमर के दिल्ली स्थित सरकारी आवास पर अंतिम सांस ली। वे अपने पीछे भरापूरा परिवार छोड़ कर गईं हैं। श्रीमती शारदा देवी तोमर का पार्थिव शरीर शाम ग्वालियर पहुंचेगा उसके उपरांत शाम 5 बजे पश्चात मुरार स्थित श्मशान गृह में श्रीमती तोमर की अंत्येष्टि होगी

अंत्येष्टि में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ,पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान,भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष  राकेश सिंह सहित अति विशिष्ट जन के भी पहुंचने की जानकारी प्रशासन ने दी है।

इन नेताओं ने जताया शोक

मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने केन्द्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर की माताजी के निधन पर दुख प्रकट करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना की है। शिवराज ने ट्वीट कर लिखा ‘माननीय नरेन्द्र सिंह तोमर की पूज्य माताजी श्रीमती शारदा देवी जी के निधन का दुखद समाचार मिला। ईश्वर से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने और परिजनों को यह वज्रपात सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना करता हूँ। विनम्र श्रद्धांजलि’!

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह ने अपने शोक संदेश में कहा ‘भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं केंद्रीय कृषि मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर की माताजी श्रीमती शारदा देवी जी के दु:खद निधन का समाचार प्राप्त हुआ। ईश्वर दिवंगत आत्मा को श्रीचरणों में स्थान दे तथा परिजनों को इस दु:ख को सहने की शक्ति प्रदान करे।

भाजपा राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयर्गीय ने श्रीमती शारदा देवी के निधन को दुखद बताते हुए परिवार के प्रति संवेदनाएं प्रकट की है। कैलाश विजयवर्गीय ने ट्वीट कर लिखा ‘श्रद्धांजलि! माननीय नरेन्द्र सिंह तोमर की पूज्य माताजी श्रीमती शारदा देवी जी के निधन का अत्यंत दु:खद समाचार प्राप्त हुआ। मां को खोने के दर्द का मुझे अहसास है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दे और शोकाकुल परिवार को इस दु:ख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें। ॐ शांति!

 

 

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments