Homeदेशकोचिंग सेंटर की इमारत में लगी आग घबराये बच्चे नीचे कूदे...

कोचिंग सेंटर की इमारत में लगी आग घबराये बच्चे नीचे कूदे 15 की मौत

गुजरात के सूरत के तक्षशिला कॉम्प्लेक्स में शुक्रवार को भीषण आग लगने से 15 छात्रों की मौत हो गई. हादसे का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है. इस बिल्डिंग में कोचिंग सेंटर चलता है, जिसमें आग लगने के कारण बच्चे नीचे कूदने लगे. इस घटना का एक वीडियो भी वायरल हो रहा है, जिसमें आग के डर से छात्र बिल्डिंग से कूदते दिखाई दे रहे हैं. तक्षशिला कॉम्प्लेक्स सूरत के सरथाना इलाके में स्थित है.

फिलहाल आग पर काबू पाया जा चुका है. लेकिन बिल्डिंग से लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने का काम जारी है. इस घटना पर पीएम नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर दुख जताया है. उन्होंने लिखा, सूरत में भीषण आग की घटना से बेहद दुखी हूं. मेरी संवेदनाएं मरने वालों के परिवारों के साथ हैं.

घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं. मैंने गुजरात सरकार को स्थानीय प्रशासन से प्रभावितों को सभी तरह की सहायता मुहैया कराने को कहा है.  आग पर काबू पाने के लिए दमकल की 18 गाड़ियां लगाई गईं. गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रुपाणी ने इस घटना के जांच के आदेश दिए हैं. उन्होंने हादसे में मारे गए छात्रों के परिजनों को 4 लाख रुपये देने का ऐलान किया है.  सूरत के पुलिस कमिश्नर सतीश कुमार मिश्रा ने इस घटना में 15 लोगों के मरने की पुष्टि की है. उन्होंने कहा कि मरने वालों का आंकड़ा बढ़ सकता है.

राहत और बचाव कार्य में स्थानीय लोगों ने भी दमकलकर्मियों का सहयोग किया. एक दमकल अधिकारी ने कहा कि तीसरी और चौथी मंजिल पर फंसे छात्र खुद को बचाने के लिए बिल्डिंग से कूदने लगे. इनमें से कई को बचाकर अस्पताल भेजा गया है.

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments