शोक जताने वालों में जम्मू कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ़्ती और शिरोमणि अकाली दल के नेता भी शामिल
नई दिल्ली 9 मार्च 2026/ईरान के सुप्रीम लीडर आयतुल्लाह अली ख़ामेनेई की मौत पर कई नेताओं ने नई दिल्ली स्थित ईरानी दूतावास में शोक पुस्तिक पर हस्ताक्षर किए हैं.
इनमें जम्मू कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ़्ती, बीजेपी नेता मुख़्तार अब्बास नक़वी और शिरोमणि अकाली दल के नेता भी शामिल हैं.
पीडीपी प्रमुख महबूबा मुफ़्ती ने कहा “हम यहां आए हैं ताकि ईरान के लोगों को यह बता सकें कि हम उनकी संवेदनाओं में शामिल हैं. हम महान ईरानी सर्वोच्च नेता को उनकी शहादत पर श्रद्धांजलि देने आए हैं. ईरान के लोगों को यह भरोसा दिलाने आए हैं कि कश्मीरी लोग उनके साथ हैं.”
बीजेपी नेता मुख़्तार अब्बास नक़वी ने मीडिया से बातचीत में ख़ामेनेई को ‘महान आध्यात्मिक शख़्सियत’ बताया. उन्होंने कहा “ख़ामेनेई की शहादत को शब्दों में नहीं कहा जा सकता. भारत बुद्ध की धरती है, हमेशा शांति का समर्थक रहा है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी बार-बार कहा है कि किसी भी समस्या का हल सिर्फ़ शांति के रास्ते से ही निकल सकता है. युद्ध कोई समाधान नहीं है.”
P T ई के मुताबिक , शिरोमणि अकाली दल की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष परमजीत सिंह सरना के नेतृत्व में भी एक सिख प्रतिनिधिमंडल ईरान दूतावास पहुंचा. प्रतिनिधिमंडल ने शोक पुस्तिका पर साइन किए और ईरान के लोगों के साथ एकजुटता व्यक्त की.