अचलेश्वर महादेव के भक्त शहर में ऊबड़ खाबड़ सड़कों तथा गणेश विसर्जन के लिए प्रशासन द्वारा सागर ताल के निकट बनाये गए पोखर नुमा उथले तालाब की व्यवस्था से नाखुश थे यही वजह रही कि वे अचलेश्वर मंदिर पर स्थापित गणेश प्रतिमा को विसर्जन करने ग्वालियर से दूर सांक नदी पर ले गए।
ग्वालियर /पूरे देश की तरह ग्वालियर चंबल अंचल में भी अनंत चतुरदशी पर गणेश विसर्जन का क्रम लगातार जारी है समाचार लिखे जाने तक अंचल के सभी छोटे बड़े तालाबों, नदियों पर गणेश प्रतिमाओं के पहुंचने का क्रम भी लगातार बना हुआ है, ग्वालियर के प्रसिद्ध अचलेश्वर महादेव पर स्थापित की गई विशाल गणेश प्रतिमा को भक्त गणों ने हर्षोल्लास के साथ नूराबाद ले जाकर सांक नदी पर विसर्जन किया।
भक्त शहर में ऊबड़ खाबड़ सड़कों तथा गणेश विसर्जन के लिए प्रशासन द्वारा सागर ताल के निकट बनाये गए पोखर नुमा उथले तालाब की व्यवस्था से नाखुश थे यही वजह रही कि वे प्रतिमा विसर्जन करने यहां नहीं ले गए।
मुख्यमंत्री ने स्टेट सिचुएशन रूम से ली वर्षा और गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन की जानकारी
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शनिवार को मंत्रालय स्थित स्टेट सिचुएशन रूम से प्रदेश में हो रही वर्षा से उपजी परिस्थितियों एवं अनंत चतुर्दशी पर्व पर गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन की व्यवस्थाओं की जानकारी ली। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कलेक्टर्स एवं पुलिस अधीक्षकों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से चर्चा कर वर्षा की जानकारी लेकर आपदा प्रबंधन एवं गणेश मूर्तियों के समुचित विसर्जन की व्यवस्थाओं का लाईव प्रदर्शन भी देखा। उन्होंने कहा कि सभी अलर्ट मोड में रहें और सतर्कता बरतें। कोई भी अप्रिय स्थिति निर्मित न होने पाये। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कलेक्टर उज्जैन, इंदौर, जबलपुर, रतलाम, ग्वालियर और भोपाल से वीसी से बात कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सभी कलेक्टरों को निर्देशित किया कि कि गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन की सभी व्यवस्थाएं अपडेट रहें। पूरा अमला सजग रहकर देर रात तक यह काम पूरा कर लें। वर्षा की स्थिति में अतिरिक्त सावधानी रखें। आवश्यक हो तो लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचायें। मुख्यमंत्री ने कलेक्टर्स को बाढ़ आपदा राहत का बेहतर प्रबंधन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बारिश के कारण किसी को भी परेशान न होना पड़े। इसके लिए समुचित तैयारी रखें। आपदा मोचन दल क्विक रिस्पांस कर प्रभावितों को रेस्क्यू करें। प्रभावितों की सहायता के लिए सभी पूरी संवेदनशीलता और मानवता की भावना के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।
प्रशासन ने कहा सागर ताल के समीप बने अस्थाई विसर्जन कुंड में समाचार लिखे जाने तक एक हज़ार छोटी एवं लगभग 750 मध्यम व बड़े आकर की प्रतिमाओं का विसर्जन हुआ
सागर ताल के समीप बनाए गए अस्थाई विसर्जन कुंड में जिला प्रशासन ,पुलिस एवं नगर निगम के अधिकारियों की मौजूदगी में भगवान श्री गणेश की प्रतिमाओं का विसर्जन कराया जा रहा है। कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने भी सागर ताल के समीप बने विसर्जन कुंड पर पहुँचकर विसर्जन कार्य का जायजा लिया। उन्होंने इस अवसर पर मौजूद अधिकारियों को निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं की सुविधा का ध्यान रखें साथ ही सम्मान पूर्वक एवं धार्मिक भावना के अनुरूप विसर्जन संपन्न कराएं।
सुबह से अभी तक भगवान श्री गणेश जी की एक हज़ार से ज़्यादा छोटी प्रतिमाओं एवं मध्यम व बड़े आकार की लगभग 750 प्रतिमाओं का विसर्जन कराया जा चुका है। विसर्जन कार्य अभी जारी है।