राम नगरी अयोध्या में भव्य श्रीराम मंदिर के भूमि पूजन के साथ आधारशिला रखने की शुभ शुरुआत हो गई है। इसका पूजन कार्यक्रम आज यानी सोमवार से शुरु हो गया है। भूमि पूजन कार्यक्रम को वाराणसी के साथ प्रयागराज व अयोध्या के पंडित करा रहे हैं। यह पूजन कार्यक्रम पांच अगस्त तक चलेगा। मंदिर के भूमि पूजन का काम शुरू हो गया है। इससे पहले पंडित कल्किराम ने रामलला के अर्चक को पोशाक के चार सेट के साथ ध्वजा भी सौंपे हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दिन में श्रावस्ती का हवाई निरीक्षण करते हुए बलरामपुर के देवीपाटन मंदिर पहुंचेंगे। वहां से वह श्रीराम जन्मभूमि मंदिर कर नींव में डालने के लिए मिट्टी लेंगे। वहां से गोंडा में बाढ़ क्षेत्र का निरीक्षण करते हुए दोपहर धर्म नगरी अयोध्या पहुचेंगे। उनका करीब डेढ़ बजे तक अयोध्या पहुंचने का कार्यक्रम है। इसके बाद सीएम योगी आदित्यनाथ करीब पांच बजे तक आयोध्या में रहेंगे। वह करीब तीन बजे श्रीराम जन्मभूमि क्षेत्र का निरीक्षण करेंगे। अयोध्या में पांच अगस्त को होने वाले भूमि पूजन को लेकर वहां पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेंगे। इससे पहले उनको रविवार को ही अयोध्या जाना था, लेकिन मंत्री कमल रानी वरुण के निधन के कारण उनका दौरा रद हो गया था। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज एक बार फिर समारोह की तैयारियों का जायजा लेने अयोध्या पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री यहां पर करीब चार घंटे रहेंगे। इससे पहले सीएम योगी आदित्यनाथ ने 25 जुलाई को अयोध्या का दौरा किया था।
21 पुरोहितों ने अनुष्ठान की शुरुआत की
श्रीराम जन्मभूमि मंदिर अयोध्या की पांच अगस्त को राम मंदिर की आधारशिला रखी जानी है। इस क्षण को उत्सव के रूप में मनाने के लिए अयोध्या में भव्य तैयारी की गई है। तीन दिन तक चलने वाला श्रीराम मंदिर भूमि पूजन का अनुष्ठान आज यानी सोमवार से शुरू हो गया है। गौरी गणेश पूजन के साथ श्री राम जन्मभूमि में अनुष्ठान आज से शुरू हो गया है। सोमवार से 21 पुरोहितों ने यहां पर गौरी गणेश का आह्वान कर राम मंदिर भूमि पूजन के अनुष्ठान की शुरुआत कर दी है।