Homeप्रमुख खबरेंग्वालियर के नवनिर्वाचित सांसद शेजवलकर ने छोड़ा महापौर का पद

ग्वालियर के नवनिर्वाचित सांसद शेजवलकर ने छोड़ा महापौर का पद

ग्वालियर। ग्वालियर के महापौर एवं नव निर्वाचित सांसद विवेक शेजवलकर ने आज एक व्यक्ति एक पद के सिद्धांत को अपनाते हुये संभागायुक्त ग्वालियर बीएम शर्मा को महापौर पद से अपना त्यागपत्र सौंप दिया। अब राज्य सरकार किसी निर्वाचित पार्षद को आगामी परिषद की कार्रवाई के लिये महापौर नियुक्त कर निगम परिषद का संचालन करायेगी।
निवृतमान महापौर शेजवलकर ने आज पत्रकारों से चर्चा में बताया कि उन्होंने संभागायुक्त बीएम शर्मा को अपना त्यागपत्र सौंप दिया है। उन्होंने बताया कि इस बार का लोकसभा का चुनाव उन्होंने पार्टी के आदेश पर लडा और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नाम पर ही विजय हासिल की। उन्होने बताया कि इस बार का लोकसभा का चुनाव मोदी विरूद्ध राहुल गांधी था। उन्होंने ग्वालियर की जनता का धन्यवाद भी किया कि उन्होंने उनका साथ देकर लोकसभा में पहुंचाया। सांसद शेजवलकर से ग्वालियर के महापौर कार्यकाल के विकास के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने बताया कि उन्होंने कई सपने संजाये थे जिसमें से कुछ को छोड वह कुछ पूरे कर सके। उन्होंने ग्वालियर की जनता को सीवरेज की समस्या से निबटने के लिये सभी दिशाओं में चार सीवरेज टैंक बनवाये हैं यही आगे चलकर उनकी बडी उपलब्धि मानी जायेगी। उन्होंने इसी के साथ पेयजल को सभी क्षेत्र में पहुंचाने के लिये प्रयास किये वहीं अब ग्वालियर के सांसद के नाते चंबल से ग्वालियर तक पाइप लाइन से पानी लाने के लिये वह पुरजोर प्रयास करेंगे। उन्होने बताया कि केन्द्र की सभी विकास योजनाओं को वह तेजी से आगे बढाने का प्रयास करेंगे। शेजवलकर ने यह भी कहा कि वह भी प्रधानमंत्री के थीम सबका साथ सबका विकास को लेकर सबको साथ लेकर विकास कार्य करेंगे। यह पूछे जाने पर कि इंदौर में महापौर का पद और एक अन्य पद इंदौर महापौर के पास हैं उन्होंने कहा कि मैने अपने पद से एक पद एक व्यक्ति के सिद्धांत को अपनाते हुये इस्तीफा दे दिया है। यह पूछे जाने पर कि उनके कार्यकाल में डीआरडीई के प्रोजेक्ट के तहत २०० मीटर तक निर्माण कार्य को हटाने के लिए न्यायालय के आदेश है के उत्तर में शेजवलकर ने कहा कि जहां तक मेरे पास जानकारी है रक्षा मंत्रालय ने इस मामले में नई गाइड लाइन तैयार की है इसमें संभवत: ग्वालियर भी शामिल है। उनका ड्रीम प्रोजेक्ट रोप वे के बारे में पूछे जाने पर शेजवलकर ने कहा कि उसके बारे में सभी मीडिया कर्मी अच्छी तरह से जानते हैं कि किसके इशारे पर उसे रोका जा रहा है। स्मार्ट सिटी के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि स्मार्ट सिटी के तहत महाराज बाडा को मॉडल के रूप में विकसित किया जा रहा है। वहीं कई अन्य विकास कार्य भी स्मार्ट सिटी के चल रहे हैं। वहीं लोकल ट्रांसपोर्ट से लेकर अन्य काम पाइप लाइन में हैं। इसी के साथ अमृत योजना में पेयजल लाइन सीवर लाइनों को डाला जा रहा है। इस कार्य में और तेजी आये इसका प्रयास वह करेंगे। उन्होंने बताया कि केन्द्र सरकार की योजनाओं को वह तेजी से चलवाने के लिये भरपूर प्रयास करेंगे।
पत्रकार वार्ता में सभापति राकेश माहौर सहित अन्य पार्षद एवं भाजपा जिलाध्यक्ष देवेश शर्मा , महामंत्री कमल माखीजानी भी मौजूद थे।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments