ग्वालियर /न्यायिक मजिस्ट्रेट के बाद अब महिला वकील पर ग्वालियर के गुंडे बदमाशों का कहर टूटा है ,आश्चर्यजनक बात यह है की बेख़ौफ़ बदमाश लगातार आमजनों को निशाना बना रहे हैं उनके ऊपर पुलिस प्रशासन का कोई भय नजर नहीं आता। शुक्रवार की सुबह अपने घर से मॉर्निंग वॉक पर निकली महिला वकील को बदमाशों ने आंखों में मिर्ची डालकर हमला बोला और गले से सोने की चैन लूटकर भाग गए।
यह घटना झांसी रोड थाना क्षेत्र के एजी ऑफिस के पास शुक्रवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे की है। घटना का पता चलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के बाद शहर की नाकाबंदी की गई, लेकिन लुटेरा हाथ नहीं आया। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर लूट का मामला दर्ज कर लिया है।
झांसी रोड थाना क्षेत्र के ई-6 हरिशंकरपुरम निवासी विजय लक्ष्मी शर्मा पत्नी बीके शर्मा पेशे से वकील है। महिला प्रतिदिन की तरह सुबह घर से मॉर्निंग वॉक के लिए निकली थी। वॉक करते हुए जब वह एजी ऑफिस के पास पहुंची तो एक नकाबपोश युवक उनके पास आया और आते ही मिर्ची पाउडर उस पर फेंक दिया। इसके बाद आरोपी युवक उनके गले से सोने की करीब एक तोला की चेन लूट ले गया। वारदात की शिकार पीड़िता ने शोर मचाया और आरोपी के पीछे भागने का प्रयास किया, लेकिन आंखों में मिर्ची होने पर वे सफल ना हो सकी। मामले का पता चलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के बाद आरोपी की तलाश शुरू की।
पीडि़ता ने पुलिस को बताया कि आरोपी पैदल ही रंगमहल गार्डन की तरफ भागा और उसके बाद वह कहां गया, इसका पता नहीं है। आरोपी अकेला था या उसका अन्य साथी भी आसपास था, इसका पता नहीं चल सका है।
लूट की वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी की तलाश में शहर भर में नाकाबंदी कराकर आरोपी की तलाश शुरू कराई, लेकिन आरोपी पुलिस के हाथ नहीं आया है।
उल्लेखनीय है की शहर में बदमाश किस कदर बेखौफ हो चुके हैं इसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है की अब वो न्यायिक मजिस्ट्रेट ,वकील सहित आमजनों पर जब चाहे तब हमला करने से नहीं चूक रहे हैं। अभी पांच दिन पूर्व ही शहर के थाटीपुर इलाके की मजिस्ट्रेट कॉलोनी में घर के बाहर टहल रहे न्यायिक मजिस्ट्रेट पर स्कॉर्पियो से आए बदमाशों ने हमला कर दिया था। बदमाशों ने कट्टे व बंदूक की बट से मजिस्ट्रेट के सिर पर वार किए थे और चाकू से नाक पर भी हमला करके चैन लूट ले गए थे। अब गुंडों ने मॉर्निंग वॉक पर निकली महिला वकील से चैन लूट ली है।