Homeमध्यप्रदेशग्वालियर में स्थापित वार रूम में पहुंचे भाजपा के दिग्गज कांग्रेस को...

ग्वालियर में स्थापित वार रूम में पहुंचे भाजपा के दिग्गज कांग्रेस को अब सीधी चुनौती

मुख्यमंत्री श्री चौहान, केन्द्रीय मंत्री श्री तोमर, सांसद श्री सिंधिया ने किया भाजपा चुनाव कार्यालय का शुभारंभ

ग्वालियर. 24 सितंबर।उपचुनाव की 16 सीटें ग्वालियर अंचल में स्थित हैं यहां भाजपा ने चुनाव प्रचार में प्रभावी रणनीति बनाने के मामले में कांग्रेस को काफी पीछे छोड़ दिया है। भाजपा ने यहां से 16  सीटों पर चुनाव की ब्यूह रचना हेतु सर्वसुविधायुक्त वार रूम तैयार कर लिया है आज शाम मुख्यमंत्री सहित प्रदेश संगठनमंत्री सुहास भगत ,नरेंद्र तोमर ज्योतिरादित्य सिंधिया आदि तमाम बड़े नेताओं ने यहां चुनावी संग्राम का श्री गणेश कर शुभारंभ किया । इस अवसर पर मुख्यमंत्री शिवराज ने कांग्रेस पर सीधा निशाना साधते हुए कहा कि  वचन देकर मुकरने वाले तो चले गए और अब प्रदेश में निभाने वालों की सरकार आ गई है। यह चुनाव भाजपा की विचारधारा का चुनाव है और अब सरकार बनाए रखने की लड़ाई है और आज इसकी शुरुआत इस चुनाव कार्यालय के शुभारंभ के साथ हो गई है। अब कार्यकर्ता संकल्प लें कि ग्वालियर-चंबल की 16 सीटों के साथ पूरे मध्य प्रदेश की 28 सीटों को जिताएंगे। इस कार्यक्रम में केन्द्रीय कृषि मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर और राज्यसभा सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने भी संबोधित किया।
भाजपा के चुनाव कार्यालय के शुभारंभ में संगठन महामंत्री सुहास भगत , गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा , ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर, गिर्राज दंडोतिया, पूर्व मंत्री उमाशंकर गुप्ता, पूर्व मंत्री रुस्तम सिंह, जिलाध्यक्ष कमल माखीजानी, वरिष्ठ नेता वेदप्रकाश शर्मा उपस्थित थे।
उपस्थित पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान ने कहा कि कांग्रेस सरकार हमारी विचारधारा को कुचलने का प्रयास कर रही थी। वचन देकर मुकरने वाली उस सरकार ने वल्लभभवन को दलालों का अड्डा बना दिया था। उस सरकार का गिरना बहुत जरूरी था और इसके लिए मैं सिंधिया जी और उनके साथियों को धन्यवाद देता हूं। लेकिन अब जो लड़ाई होने वाली है, ये सरकार को बनाए रखने की लड़ाई है। ये हमारी साख का सवाल है और हमें इसमें जीतना ही होगा। श्री चौहान ने कहा कि हमारे प्रधानमंत्री श्री मोदी जी अदभुत नेता हैं और उन्होंने दुनिया में एक अलग स्थान बनाया है। उनके नेतृत्व में आत्मनिर्भर भारत का निर्माण हो रहा है। मैं आपको वचन देता हूं कि अगले तीन सालों में हम मध्यप्रदेश को आत्मनिर्भर बनाएंगे। श्री चौहान ने कहा कि शक्रवार को पं. दीनदयाल उपाध्याय जी की जयंती है। आइये हम उनके सामने, डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी, अटलजी, राजमाता जी और कुशाभाऊ ठाकरे जी के चित्र के सामने यह संकल्प लें कि हम सभी सीटों पर जीत हासिल करेंगे और जिन संकल्पों को लेकर जनसंघ की स्थापना हुई, उन संकल्पों को पूरा करेंगे।
हमारा संग्राम आज से शुरू : ज्योतिरादित्य सिंधिया

सांसद श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कार्यालय के शुभारंभ पर सभी को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस कार्यालय के शुभारंभ के साथ ही हमारा संग्राम भी शुरू हो गया है। ये संग्राम प्रदेश की जनता को न्याय दिलाने का है, उसे ग्वालियर-चंबल को उसका सम्मान दिलाने का है, प्रदेश के विकास का है और सबसे ज्यादा महत्वपूर्ण बात यह है कि ये प्रदेश के भविष्य का संग्राम है। इसलिए इस संग्राम में हमें जीतना ही है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments