Homeग्वालियर अंचलग्वालियर में हर्षोल्लास एवं गरिमामय ढंग से मनाया गया गौरवशाली भारतवर्ष का...

ग्वालियर में हर्षोल्लास एवं गरिमामय ढंग से मनाया गया गौरवशाली भारतवर्ष का 73वाँ गणतंत्र दिवस

ग्वालियर / ग्वालियर जिले में गौरवशाली भारतवर्ष का 73वाँ गणतंत्र दिवस पूरे उत्साह, उमंग, हर्षोंल्लास एवं गरिमामय ढंग से मनाया गया। यहाँ कम्पू स्थित एस.ए.एफ ग्राउंड पर आयोजित हुये गरिमामयी मुख्य समारोह में जिले के प्रभारी एवं जल संसाधन मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और संयुक्त परेड की सलामी ली।
73वें गणतंत्र दिवस पर आयोजित हुए मुख्य समारोह में मुख्य अतिथि प्रभारी मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट ने प्रात: 9 बजे ध्वजारोहण किया। इसके बाद उन्होंने कलेक्टर श्री कौशलेन्द्र विक्रम सिंह व पुलिस अधीक्षक श्री अमित सांघी के साथ खुली जीप में सवार होकर संयुक्त परेड का निरीक्षण किया। श्री सिलावट ने इस अवसर पर मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन भी किया। संयुक्त परेड में शामिल जवानों ने हर्ष फायर किये और राष्ट्रपति के जयकारे लगाये। प्रभारी मंत्री श्री सिलावट ने 73वे गणतंत्र दिवस की सभी जिलेवासियों को बधाई दी। मुख्य अतिथि ने शांति और खुशहाली के प्रतीक हरे, सफेद व केसरिया रंग के गुब्बारे आसमान में छोड़े। विभिन्न विभागों द्वारा निकाली गईं शासकीय योजनाओं पर केन्द्रित झाँकियां भी आकर्षण का केन्द्र रहीं।

बीएसएफ एवं एसएएफ बैंड की मधुर धुन के बीच निकला आकर्षक मार्चपास्ट

संयुक्त परेड में सीमा सुरक्षा बल, विशेष सशस्त्र बल की द्वितीय वाहिनी, 13वीं व 14वीं वाहिनी, जिला पुलिस बल, होमगार्ड, एनसीसी सीनियर बालक व बालिका, कोटवार, नगर निगम स्वच्छता मित्र की टुकड़ियों ने बीएसएफ एवं द्वितीय वाहिनी एस ए एफ. के बैण्ड की मधुर धुन के साथ आकर्षक मार्चपास्ट किया। संयुक्त परेड का नेतृत्व परेड कमाण्डर निरीक्षक श्री रंजीत सिंह ने किया। टूआईसी की भूमिका सूबेदार श्री पीयूष मिश्रा ने निभाई। मार्चपास्ट के पश्चात सभी टुकड़ियों के परेड कमांडर्स से मुख्य अतिथि ने परिचय प्राप्त किया। इस मार्चपास्ट में सीमा सुरक्षा बल को प्रथम, केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल को द्वितीय एवं एनसीसी सीनियर गर्ल्स को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। मुख्य अतिथि द्वारा विजेता टुकड़ियों शील्ड प्रदान की गईं।

मनमोहक झाँकियाँ भी निकलीं

समारोह में शासन की विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों पर केन्द्रित विभिन्न विभागों द्वारा चलित झांकियां निकाली गई। जिसमें कोरोना टीकाकरण पर केन्द्रित थीम पर निकली लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की झाँकी को प्रथम पुरस्कार मिला। स्वच्छता सर्वेक्षण पर केन्द्रित नगर निगम की झांकी को द्वितीय एवं प्राकृतिक खेती खुशहाल किसान पर केन्द्रित किसान कल्याण एवं कृषि विकास विभाग की झांकी को तृतीय स्थान का पुरस्कार मिला। पुरस्कार के रूप में मुख्य अतिथि श्री सिलावट ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को शील्ड प्रदान कीं। इनके अलावा जेल, आदिम जाति कल्याण, वन, उद्योग, शिक्षा, महिला एवं बाल विकास, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, नगर निगम, स्वास्थ्य, स्मार्ट सिटी एवं उद्यानिकी विभागों की झांकियां भी आकर्षण का केन्द्र रहीं।

बीएसएफ के श्वान दस्ते ने दिखाए हैरत अंगेज करतब

एसएएफ मैदान पर गणतंत्र दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित हुए गरिमामयी समारोह में मौजूद नागरिकों को सीमा सुरक्षा बल के श्वान दस्ते द्वारा किए गए हैरतअंगेज करतबों ने सभी को भीतर तक प्रभावित किया। अपराधियों से निपटना हो अथवा फिर तस्करों की पहचान या फिर कठिन बाधाओं के बीच से होकर गुजरना हो। राष्ट्रीय श्वान दस्ते ने सभी बाधाओं को फतह करने का जीवंत प्रदर्शन करके दिखाया। साथ ही भारतीय योग विधा और स्वच्छता अभियान पर केन्द्रित प्रेरणादायी करतबों का प्रदर्शन श्वान दस्ते ने किया। समारोह में बड़ी संख्या में मौजूद गणमान्य नागरिकों ने करतल ध्वनि के साथ श्वान दस्ते का उत्साहवर्धन किया।

उत्कृष्ट कार्य करने वालों को सौंपे प्रशस्ति-पत्र

उत्कृष्ट काम करने वाले विभिन्न विभागों के शासकीय सेवकों एवं समाजिक व स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधियों को मुख्य अतिथि श्री तुलसीराम सिलावट ने समारोह में प्रशस्ति पत्र प्रदान किए।

संभाग आयुक्त ने मोतीमहल और कलेक्टर ने कलेक्ट्रेट में किया ध्वजारोहण

गणतंत्र दिवस समारोह सम्पूर्ण जिले में उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। मोतीमहल स्थित संभाग आयुक्त कार्यालय परिसर में संभाग आयुक्त श्री आशीष सक्सेना ने ध्वजारोहण किया।
ओहदपुर की सुरम्य पहाड़ी पर बने कलेक्ट्रेट परिसर में गौरवशाली गणतंत्र के शीर्ष उत्सव पर कलेक्टर श्री कौशलेन्द्र विक्रम सिंह ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इसी

 

तरह जनसंपर्क विभाग के अपर संचालक श्री जी एस मौर्य ने पड़ाव स्थित सूचना केन्द्र पर ध्वजारोहण किया। जिले में शहर से लेकर गाँव-गाँव तक गणतंत्र दिवस समारोह उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया।

कर्मठ एवं सेवाभावी लोगों का  किया सम्मान

कर्मठ एवं सेवाभावी लोगों का सम्मान बाबा साहब डॉ. भीमराव अम्बेडकर के विश्वास का सम्मान है। दीन-दुखियों की सेवा करने वालों को सम्मानित करने से समाज को नई दिशा मिलती है। साथ ही नागरिक अपने राष्ट्र और समाज की सेवा करने के लिए प्रेरित होते हैं। इस आशय के विचार जिले के प्रभारी एवं जल संसाधन मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट ने व्यक्त किए। श्री सिलावट गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर अजाक्स (म.प्र. अनुसूचित जाति – जनजाति अधिकारी-कर्मचारी संघ) द्वारा आयोजित अभिनंदन एवं सम्मान समारोह को संबोधित कर रहे थे।
यहाँ ठाठीपुर स्थित अजाक्स कार्यालय परिसर में आयोजित हुए इस कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री श्री सिलावट ने ध्वजारोहण किया। साथ ही संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अम्बेडकर की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व विधायक श्री मुकेश सिंह चतुर्वेदी ने की।
इस अवसर पर पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष श्री कमल माखीजानी, विधायक श्री मदन कुशवाह, कलेक्टर श्री कौशलेन्द्र विक्रम सिंह, भारतीय पर्यटन एवं यात्रा प्रबंधन संस्थान के निदेशक श्री आलोक शर्मा, अपर कलेक्टर श्री इच्छित गढ़पाले, जेएएच के अधीक्षक डॉ. आर के एस धाकड़ सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक मंचासीन थे। आरंभ में अजाक्स के अध्यक्ष श्री मुकेश मौर्य ने स्वागत उदबोधन दिया एवं कार्यक्रम की रूपरेखा पर प्रकाश डाला।

इनका हुआ सम्मान

प्रभारी मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट ने शिक्षा, समाजसेवा, चिकित्सा एवं अन्य सामाजिक क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य कर रहे महानुभावों को इस अवसर पर अजाक्स की ओर से सम्मानित किया। सम्मानित होने वाले व्यक्तियों में एसोसिएट प्रोफेसर जीवाजी विश्वविद्यालय डॉ. शांतिदेव सिसौदिया, उप प्रांताध्यक्ष म.प्र. कर्मचारी कांग्रेस एवं संरक्षक म.प्र. अधिकारी-कर्मचारी संयुक्त मोर्चा श्री रविन्द्र त्रिपाठी, सहायक कुलसचिव जीवाजी विश्वविद्यालय श्री अमित सिसौदिया, संचालक ग्रीनवुड पब्लिक स्कूल डॉ. किरण भदौरिया, पूर्व अध्यक्ष सेवानिवृत्त प्रकोष्ठ अजाक्स श्री रामगोपाल मिलन, जिला अध्यक्ष पटवारी संघ श्री ज्ञान सिंह राजपूत, जिला अध्यक्ष भारतीय दलित वर्ग संघ श्री बृजेश धानुक, हड्डी रोग विशेषज्ञ सिविल अस्पताल मुरार डॉ. राजेन्द्र सिंह, वरिष्ठ समाजसेवी एवं सेवानिवृत्त जिला पेंशन अधिकारी श्री के के सलया, प्रभारी प्राचार्य शासकीय हायर सेकेण्ड्री स्कूल विजकपुर श्री सुरेश अम्ब, अनुभाग अधिकारी महाधिवक्ता कार्यालय हाईकोर्ट श्री रामेश्वर पटेल, गायिका एवं गायक श्रीमती अंकिता कैलासिया, जिला अध्यक्ष म.प्र. सहायक पशु चिकित्सा अधिकारी संघ श्री आर बी एस धारिया, पूर्व जिला अध्यक्ष म.प्र. तृतीय वर्ग कर्मचारी संघ श्री नंदकिशोर गोस्वामी, सहायक लेखा परीक्षा अधिकारी ऑडिट भवन श्री बृन्दावन लुडेले, सहायक स्वास्थ्य अधिकारी नगर निगम श्री किशोर चौहान, छात्रावास अधीक्षक आदिम जाति कल्याण श्री राजवीर मौर्य, सेवानिवृत्त लेखाधिकारी एवं पूर्व सह सचिव अजाक्स श्री के एन यादव, आईटी टैक्नीशियन वैक्सीन टीकाकरण केन्द्र जेएएच श्री हरिकिशोर धाकड़ (हैरी) एवं सेवानिवृत्त ब्लॉक शिक्षा अधिकारी श्री आर एस तरेटिया शामिल हैं।

दलित परिवार के बीच बैठकर प्रभारी मंत्री श्री सिलावट ने किया भोजन

गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर जिले के प्रभारी एवं जल संसाधन मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट ने लक्कड़खाना क्षेत्र में निवासरत एक दलित परिवार के बीच बैठकर दोपहर के भोजन का आनंद लिया। श्री पवन सिकारिया के घर पर आयोजित हुए इस भोज में भाजपा जिला अध्यक्ष श्री कमल माखीजानी, कलेक्टर श्री कौशलेन्द्र विक्रम सिंह, अपर कलेक्टर श्री इच्छित गढ़पाले तथा सर्वश्री हरीश मेवाफरोश व दीपक तिवारी सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण शामिल हुए और सामूहिक भोज का आनंद लिया।

ग्वालियर प्रेस क्लब में किया  गया ध्वजारोहण

 

26 जनवरी गणतंत्र दिवस के अवसर पर आज ग्वालियर प्रेस क्लब परिसर में गणतंत्र दिवस समारोह हर्षोंल्लास के साथ मनाया गया। ग्वालियर प्रेस क्लब परिसर मे ध्वजा रोहण किया गया। इस मौके पर प्रेस क्लब के अध्यक्ष राजेश शर्मा ने अपर संचालक जनसंपर्क जीएस मौर्य ,वरिष्ठ पत्रकार राकेश अचल , का पुष्पहार पहनाकर स्वागत किया। इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार प्रदीप तोमर, गुरु चरण सिंह, मध्यप्रदेश पत्रकार संघ जिलाध्यक्ष हरीश चन्द्र ,प्रमोद शिंदे ,अजय मिश्रा ,मचल सिंह बेस ,रवी यादव फोटोजर्नलिस्ट प्रकोष्ठ अध्यक्ष राजेश जायसवाल (छोटू) ,रवि उपाध्याय ,जयदीप सिकरबार ,राम मोहन शिवहरे सहित अन्य पत्रकार उपस्थित थे ।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments