दतिया 19 जुलाई 2026/दतिया विधानसभा उपचुनाव के बीच राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप के माहौल में सौहार्द की एक तस्वीर चर्चा का विषय बन गई। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी एक चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे। इसी दौरान वहां से भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी का काफिला गुजरा। पटवारी ने उन्हें रुकने का आग्रह किया, जिसके बाद आशुतोष तिवारी मंच के पास पहुंचे, महत्वपूर्ण बात यह है कि कांग्रेस अध्यक्ष यहां भी भाजपा प्रत्याशी पर शाब्दिक हमला करने से नहीं चूके उन्होंने कहा कि मैंने यहां उपस्थित लोगों से पूछा कितने लोग आशुतोष तिवारी को जानते हैं एक भी हाथ नहीं उठा हालांकि श्री तिवारी ने तुरंत जवाब दिया यहीं मेरा घर है, बचपन से वहां रहता हूँ।
इस दौरान दोनों नेताओं ने एक-दूसरे का अभिवादन करते हुए गले मिलकर संक्षिप्त बातचीत की। यह दृश्य उपस्थित लोगों के साथ-साथ सोशल मीडिया पर भी तेजी से चर्चा का विषय बन गया। इससे पहले भी जीतू पटवारी की भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल सहित अन्य नेताओं के साथ ट्रेन में चाय पर चर्चा की तस्वीर सुर्खियां बटोर चुकी है। अब दतिया से सामने आई यह नई तस्वीर चुनावी माहौल में अलग संदेश दे रही है। राजनीतिक जानकार इसे लोकतांत्रिक मर्यादा और व्यक्तिगत संबंधों का उदाहरण मान रहे हैं, जबकि कुछ इसे चुनावी रणनीति के नजरिए से भी देख रहे हैं। हालांकि दोनों दल अपने-अपने चुनाव प्रचार में पूरी ताकत से जुटे हैं, लेकिन यह तस्वीर लोकतंत्र में राजनीतिक मतभेदों के बीच आपसी सम्मान और संवाद की संस्कृति को भी रेखांकित करती है।