ग्वालियर / खनिज पदार्थों के अवैध उत्खनन, परिवहन व भण्डारण के खिलाफ जिला प्रशासन के निर्देशन में प्रभावी कार्रवाई हुई है। पिछले 9 माह की अवधि में खनिज पदार्थों के अवैध उत्खनन व परिवहन के खिलाफ कुल 261 प्रकरण दर्ज किए गए हैं, जो प्रदेश में सर्वाधिक हैं। कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने इस कार्रवाई को और तेज करने के निर्देश दिए हैं। इस परिपालन में राजस्व, खनिज व पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा रात्रिकाल में भी लगातार कार्रवाई की जा रही है।
प्रभारी जिला खनिज अधिकारी श्री प्रदीप भूरिया ने बताया कि मौजूदा वित्तीय वर्ष 2024-25 में खनिज विभाग द्वारा अवैध परिवहन के 261 प्रकरण दर्ज किए गए हैं, जो मध्यप्रदेश में सर्वाधिक हैं। उन्होंने बताया कि जिले में अप्रैल माह के दौरान 31, मई में 27, जून में 11, जुलाई में 57, अगस्त व सितम्बर में 31-31, अक्टूबर में 27, नवम्बर में 16 व गत दिसम्बर माह में 30 प्रकरण अवैध परिवहन के खिलाफ दर्ज किए गए हैं।