गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन के बाद डैरिल मिचेल (49) और कप्तान केन विलियम्सन (नाबाद 33 ) की शानदार पारी की बदौलत न्यूजीलैंड ने रविवार को दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए आईसीसी टी-20 वर्ल्ड कप 2021 के 28वें मैच भारत को आठ विकेट से करारी शिकस्त दी। इस जीत के साथ ही न्यूजीलैंड ने टी-20 विश्व कप में भारत के खिलाफ अपना अपराजेय रिकॉर्ड कायम रखा है। भारत टी-20 विश्व कप में अबतक एक बार भी न्यूजीलैंड को नहीं हरा पाया है और यह कहानी यहां भी देखने को मिला। न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करते हुए भारत को 7 विकेट पर केवल 110 रनों पर रोक दिया और फिर 14.3 ओवर में सिर्फ दो विकेट खोकर लक्ष्य आसानी से हासिल कर लिया। गेंदों के आधार पर यह टी20 विश्व कप में भारत की सबसे बड़ी हार है
न्यूजीलैंड की दो मैचों में यह पहली जीत है। टीम को अपने पहले मुकाबले में पाकिस्तान से मात मिली थी। इस जीत के बाद कीवी टीम के टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में पहुंचने की उम्मीदें अभी जिंदा है। वहीं, इस हार के बाद भारत के लिए आगे की राह काफी मुश्किल हो गई है। भारत को लगातार दूसरी हार झेलनी पड़ी है। टीम को पहले मैच में पाकिस्तान ने पीटा था। भारत को अब कोई चमत्कार ही आगे ले जा सकता है।