सकल ब्राह्मण महासमिति के दीपावली मिलन समारोह में स्वास्थ्य जागरूकता का संदेश, रात 10 से सुबह 5 बजे तक सोशल मीडिया से दूर रहने का लिया सामूहिक संकल्प
ग्वालियर, 15 नवंबर। सकल ब्राह्मण महासमिति, ग्वालियर द्वारा तिवारी नर्सिंग होम में दीपावली मिलन समारोह एवं सकल ब्राह्मण पंजीयन केंद्र का शुभारंभ उत्साह और उल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ कवयित्री कविता उपाध्याय के काव्य पाठ से हुआ। समारोह में स्वास्थ्य जागरूकता, नियमित दिनचर्या और मोबाइल के बढ़ते उपयोग पर महत्वपूर्ण विचार रखे गए।
कार्यक्रम में डीआरडीई के पूर्व प्रोफेसर एवं डायरेक्टर संजय उपाध्याय मुख्य अतिथि तथा वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. रिनी यश शर्मा मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता महासमिति के अध्यक्ष प्रकाश नारायण शर्मा ने की।
रात 10 से सुबह 5 बजे तक सोशल मीडिया बंद रखने का संकल्प
मुख्य अतिथि संजय उपाध्याय ने कहा कि आज समाज के सभी वर्गों और हर आयु के लोग मोबाइल स्क्रीन पर इंस्टाग्राम, फेसबुक और व्हाट्सएप में काफी समय व्यतीत कर रहे हैं। मोबाइल और सोशल मीडिया के अत्यधिक उपयोग से बचने के लिए सकल ब्राह्मण महासमिति को एक अनुकरणीय पहल करनी चाहिए।
उन्होंने सभी से रात 10 बजे से सुबह 5 बजे तक व्हाट्सएप, फेसबुक और इंस्टाग्राम का उपयोग नहीं करने का संकल्प लेने का आह्वान किया। उपस्थित सभी लोगों ने सामूहिक रूप से संकल्प का पुनर्वाचन कर इस पहल को अपनाने का निर्णय लिया।
संतुलित आहार और योग से मिलेगा उत्तम स्वास्थ्य : डॉ. रिनी यश शर्मा
मुख्य वक्ता वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. रिनी यश शर्मा ने कहा कि संतुलित आहार, नियमित दिनचर्या और योगासन प्रत्येक व्यक्ति के उत्तम स्वास्थ्य के लिए आवश्यक हैं। स्वस्थ जीवनशैली अपनाकर अनेक बीमारियों के जोखिम को कम किया जा सकता है और दवाइयों पर निर्भरता से बचने में मदद मिल सकती है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान में भारत में डायबिटीज और कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों के बढ़ते मामलों को लेकर विश्व स्वास्थ्य संगठन ने भी चिंता व्यक्त की है। ऐसे में ग्वालियर से ब्राह्मण समाज को सभी वर्गों के लिए स्वास्थ्य जागरूकता का संदेश देना चाहिए। प्रत्येक व्यक्ति को संतुलित भोजन के साथ नियमित योगासन और अनुशासित दिनचर्या अपनानी चाहिए।
19 नवंबर को होगा ब्रह्म मातृशक्ति सम्मेलन
अध्यक्षीय उद्बोधन में प्रकाश नारायण शर्मा ने बताया कि 19 नवंबर को दोपहर 2 बजे गंगादास की बड़ी शाला में ब्रह्म मातृशक्ति सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई की जयंती के अवसर पर आयोजित इस सम्मेलन में बड़ी संख्या में महिलाओं का सम्मान किया जाएगा।
सम्मेलन में महंत रामसेवक दास जी महाराज, संत ढोली बुआ महाराज, महंत कंवलदास जी महाराज सहित अन्य संतों की उपस्थिति में मातृशक्ति का सम्मान होगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं को अन्नकूट प्रसादी एवं कार्यक्रम में सहभागिता के लिए आमंत्रित किया। साथ ही सम्मानित होने वाली महिलाओं की सूची और कार्यक्रम की तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया।
कार्यक्रम का संचालन निशा शुक्ला एवं संगीता शर्मा ने किया तथा आभार प्रदर्शन योगेंद्र दीक्षित एवं एच.वी. शर्मा ने किया।
इस अवसर पर डॉ. जयवीर भारद्वाज, डॉ. अनुराधा मोहन शर्मा, श्याम बाबू शर्मा, सुधा दीक्षित, आशा त्रिपाठी, अंजू दीक्षित, माया भारद्वाज, डॉ. सरिता त्रिपाठी, तनुलता पाठक, राकेश शुक्ला, शैलेंद्र दीक्षित, रेनू शर्मा, ललिता उपाध्याय, लक्ष्मी पाराशर, शशि व्यास, स्वाति शर्मा, गायत्री शर्मा, अलका मिश्रा, अनीता दीक्षित, किरण त्रिवेदी, किरण मिश्रा, संध्या शर्मा, संध्या तिवारी, शशि गोस्वामी सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।
समारोह के समापन पर आतिशबाजी की गई तथा सभी को मिष्ठान वितरित कर दीपावली की शुभकामनाएं दी गईं। कार्यक्रम की जानकारी महासमिति के महामंत्री डॉ. मुन्नालाल शर्मा ने दी।