Homeप्रमुख खबरेंभोलेबाबा का यह व्रत करने से अविवाहित युवतियों को मिलता है मनचाहा...

भोलेबाबा का यह व्रत करने से अविवाहित युवतियों को मिलता है मनचाहा जीवनसाथी

हिंदू धर्म में भगवान शिव की आराधना के लिए सोमवार का दिन बेहद शुभ माना जाता है। इस दिन महादेव के भक्त व्रत रखकर सुख, समृद्धि और खुशहाल जीवन की कामना करते हैं। सोलह सोमवार का व्रत भी भगवान शिव को समर्पित है।

धार्मिक मान्यताओं है कि लगातार 16 सोमवार तक विधि-विधान से व्रत करने और महादेव की पूजा करने से मनोकामनाएं पूरी होती हैं। खासतौर पर अविवाहित युवतियां मनचाहा जीवनसाथी पाने की कामना से यह व्रत करती हैं।

आइए जानते हैं सोलह सोमवार व्रत की शुरुआत कब करें, पूजा की विधि क्या है और इससे जुड़ी पौराणिक कथा क्या कहती है।

सोलह सोमवार व्रत कब से शुरू करें
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, सोलह सोमवार व्रत की शुरुआत सावन, चैत्र, वैशाख, कार्तिक या माघ महीने के शुक्ल पक्ष के पहले सोमवार से की जा सकती है। इस व्रत को लगातार 16 सोमवार तक रखा जाता है। इसके बाद 17वें सोमवार को विधि-विधान से व्रत का उद्यापन किया जाता है।मान्यता है कि इस व्रत को पूरी श्रद्धा और नियमों के साथ करने से भगवान शिव प्रसन्न होते हैं और भक्तों पर अपनी कृपा बरसाते हैं।

सोलह सोमवार व्रत की पूजा विधि
सोलह सोमवार के दिन सुबह स्नान करके स्वच्छ वस्त्र धारण करें और भगवान शिव का ध्यान करते हुए व्रत का संकल्प लें। दिनभर श्रद्धानुसार उपवास रखें। शाम को भगवान शिव और माता पार्वती की पूजा करें।

पौराणिक कथा में बताई गई विधि के अनुसार, गेहूं के आटे से चूरमा तैयार करके भगवान शिव को भोग लगाया जाता है। पूजा में चंदन, अक्षत, घी, गुड़, दीपक और बेलपत्र अर्पित करने का विधान बताया गया है।

भोग लगाने के बाद चूरमे को तीन हिस्सों में बांटने की परंपरा है। एक हिस्सा जरूरतमंदों को दें, दूसरा गाय को खिलाएं और तीसरा स्वयं ग्रहण करें। 16 सोमवार तक इसी प्रकार पूजा करने के बाद 17वें सोमवार को पांच सेर गेहूं के आटे का चूरमा बनाकर भगवान शिव को अर्पित किया जाता है और प्रसाद वितरित किया जाता है।

सोलह सोमवार व्रत की पौराणिक कथा
पौराणिक कथा के अनुसार, एक बार भगवान शिव और माता पार्वती पृथ्वी पर भ्रमण करते हुए अमरावती नामक नगर पहुंचे। वहां के राजा ने भगवान शिव के लिए एक सुंदर मंदिर बनवाया था। मंदिर का वातावरण महादेव को बहुत पसंद आया और उन्होंने कुछ समय वहीं रुकने का निर्णय लिया।

एक दिन माता पार्वती ने भगवान शिव के साथ चौसर खेलने की इच्छा जताई। दोनों खेल में व्यस्त हो गए। तभी मंदिर का पुजारी पूजा करने पहुंचा। माता पार्वती ने उससे पूछा कि इस खेल में किसकी जीत होगी? पुजारी ने बिना सोचे भगवान शिव की जीत बता दी।हालांकि, खेल में माता पार्वती की जीत हुई। पुजारी की भविष्यवाणी गलत साबित होने पर माता पार्वती क्रोधित हो गईं और उन्होंने पुजारी को कोढ़ से पीड़ित होने का श्राप दे दिया।

पुजारी बीमारी के कारण काफी परेशान रहने लगा। एक दिन स्वर्गलोक से कुछ अप्सराएं भगवान शिव की पूजा करने मंदिर पहुंचीं। पुजारी की हालत देखकर उन्होंने उससे परेशानी का कारण पूछा। पूरी बात जानने के बाद अप्सराओं ने पुजारी को भगवान शिव का सोलह सोमवार व्रत करने की सलाह दी और व्रत की पूजा विधि भी बताई।

पुजारी ने उनके बताए अनुसार लगातार 16 सोमवार तक व्रत किया। धार्मिक कथा के अनुसार, भगवान शिव की कृपा से उसका रोग ठीक हो गया। कुछ समय बाद भगवान शिव और माता पार्वती दोबारा उसी मंदिर में पहुंचे तो पुजारी को स्वस्थ देखकर माता पार्वती ने उससे ठीक होने के बारे में पूछा, तब पुजारी ने उन्हें सोलह सोमवार व्रत की महिमा बताई।

यह जानकर माता पार्वती ने भी भगवान शिव का यह व्रत किया। मान्यता है कि व्रत के प्रभाव से उनका पुत्र कार्तिकेय फिर से उनके करीब आ गया। कार्तिकेय ने भी इस व्रत को किया, जिससे उनका एक पुराना मित्र वापस उनके जीवन में आ गया।

कार्तिकेय के मित्र ने भी विवाह की इच्छा से सोलह सोमवार का व्रत रखने का संकल्प लिया। व्रत पूरा करने के बाद उसे एक राजकुमारी से विवाह करने का अवसर मिला।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments