शारदीय नवरात्र का प्रारम्भ आज यानी शनिवार 17 अक्तूबर को हो रहा है। इस बार शारदीय नवरात्र 17 से 25 अक्टूबर के बीच रहेंगे, हालांकि नवरात्र (नवरात्रि) के नौ दिनों में कोई तिथि क्षय तो नहीं होगी लेकिन 25 तारिख को नवमी तिथि सुबह 7:41 पर ही समाप्त हो जाएगी। इसलिए नवमी और विजयदशमी (दशहरा) एक ही दिन होंगे। शारदीय नवरात्र के शुभ अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से लेकर अमित शाह ने देशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। उधर देशभर के देवी मंदिरों सहित घरों में कलश स्थापना के साथ भक्तों ने 9 दिनों के व्रत की शुरुआत की। कोरोनाकाल के मद्देनजर भक्तों को सोशल डिस्टेंसिंग के साथ मास्क लगाकर मंदिरों में जाने की एडवायजरी जारी की गई है।
उधर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को देशवासियों को शारदीय नवरात्रि की शुभकामनाएं देते हुए मां जगदम्बा से गरीबों और पिछड़ों के जीवन उत्थान में सकारात्मक बदलाव लाने का आशीवार्द मांगा है। पीएम मोदी ने नवरात्रि की शुभकामनाएं देते हुए ट्वीट किया, ‘नवरात्रि के पावन पर्व की बहुत-बहुत बधाई। जगत जननी मां जगदम्बा आप सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि का संचार करें। जय माता दी।’