ग्वालियर। पूर्व मंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता राजेन्द्र सिंह का बीती देर रात्रि भोपाल में निधन हो गया। खबर है कि उन्हें अचानक रात 12 बजे दिल का दौरा पड़ा और वह काल के गाल में समां गये। वे 86 वर्ष के थे।
देर रात ग्वालियर पहुंची इस दुखद सूचना के बाद तुरंत पूर्व मंत्री राजेन्द्र सिंह के सुपुत्र और प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष अशोक सिंह भोपाल के लिए रवाना हो गये। राजेन्द्र सिंह के अचानक निधन की खबर से कांग्रेस में शौक की लहर दौड़ पड़ी हैं। गुना सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, पूर्व केन्द्रीय मंत्री कमलनाथ, सुरेश पचौरी, सांसद विवेक तन्खा, पूर्व विधायक रमेश अग्रवाल सहित अनेक कांग्रेसजनों ने गहरा दुख जताया है।
मंगलवार को होगी अंत्येष्टि
पूर्व मंत्री राजेन्द्र सिंह की अंत्येष्टि मंगलवार 17 अप्रैल को होगी। इससे पहले प्रातः 9 बजे गांधी रोड स्थित प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष अशोक सिंह के निवास स्थान से उनकी अंतिम यात्रा निकलेगी। अंतिम यात्रा में पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह समेत कई कांग्रेसी दिग्गज शामिल होंगे।
यहां बता दें कि बीती रात्रि 12 बजे भोपाल में पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता राजेन्द्र सिंह का दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया था। वे 86 वर्ष के थे। पूर्व मंत्री राजेन्द्र सिंह की अंतिम यात्रा मंगलवार सुबह 9 बजे गांधी रोड स्थित प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष अशोक सिंह के निवास स्थान से उनकी अंतिम यात्रा निकलेगी, जो बंलवंत नगर, थाटीपुर श्मशान घाट पर अंतिम संस्कार किया जायेगा। इधर कांग्रेस में उनके निधन की खबर सुनते ही शोक की लहर दौड़ गई। कांग्रेस ने पूर्व मंत्री राजेन्द्र सिंह के निधन पर 3 दिन का शोक एवं पार्टी मुख्यालय पर पार्टी ध्वज झुका दिया है।
स्मरण रहे कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानी शहर जिला कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष स्व. कक्का डोंगर सिंह पूर्व मंत्री राजेन्द्र सिंह के पिता थे। मप्र कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष अशोक सिंह स्व. राजेन्द्र सिंह के सुपुत्र है। पूर्व मंत्री राजेन्द्र सिंह जी के निधन का समाचार सुनते ही कांग्रेस कार्यकर्ता इनके निवास स्थान की ओर चल पड़ा। दिन भर जनसमूह का सैलाब पूर्व मंत्री राजेन्द्र सिंह को याद करता रहा ओर शोक मग्न रहा। इधर पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह मंगलवार सुबह विशेष विमान से ग्वालियर आयेंगे। विमानतल से पूर्व मुख्यमंत्री सीधे कांग्रेस उपाध्यक्ष अशोक सिंह के निवास पर पहुंचेंगे और पूर्व मंत्री राजेन्द्र सिंह की पार्थिव देह को पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।