भारत की युवा निशानेबाज़ ईशा सिंह ने सोमवार को आईएसएसएफ़ वर्ल्ड कप 2026 में महिलाओं की 25 मीटर पिस्टल स्पर्धा में गोल्ड मेडल जीत लिया. वहीं, दो बार की ओलंपिक मेडल विजेता मनु भाकर ने ब्रॉन्ज़ मेडल अपने नाम किया.
21 वर्षीय ईशा सिंह ने फ़ाइनल मुक़ाबले में 40 हिट के स्कोर के साथ पहला स्थान हासिल किया. उन्होंने चीन की झांग यूयू को पीछे छोड़ते हुए गोल्ड मेडल जीता, जबकि चीन की निशानेबाज़ 37 हिट के स्कोर के साथ सिल्वर मेडल पर रहीं.
मनु भाकर ने ब्रॉन्ज़ मेडल के लिए हुए शूट-ऑफ़ में शानदार प्रदर्शन किया और जीत दर्ज की. इसके बाद फ़ाइनल में 28 के स्कोर के साथ उन्होंने तीसरा स्थान हासिल किया.
ईशा सिंह का यह इस साल का दूसरा बड़ा ख़िताब है. इससे पहले मई में उन्होंने म्यूनिख वर्ल्ड कप में भी महिलाओं की 25 मीटर पिस्टल स्पर्धा में गोल्ड मेडल जीता था.
इसके अलावा, म्यूनिख में आयोजित प्रतियोगिता में उन्होंने 10 मीटर पिस्टल स्पर्धा में सिल्वर मेडल भी अपने नाम किया था.
महिलाओं की 25 मीटर पिस्टल स्पर्धा में भारत के अन्य निशानेबाज़ों में ओलंपियन राही सरनोबत, सिमरनप्रीत कौर बराड़ और अभिज्ञा अशोक पाटिल ने भी हिस्सा लिया, लेकिन वे क्वालिफ़िकेशन राउंड से आगे बढ़ने में सफल नहीं हो सकीं