Homeप्रमुख खबरेंपश्चिमी विक्षोभ के कारण तेज हवाओं के साथ कड़ाके की ठंड...

पश्चिमी विक्षोभ के कारण तेज हवाओं के साथ कड़ाके की ठंड और बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार से पश्चिमी विक्षोभ के कारण एक तेज तूफान आने की संभावना है। इसके कारण कई इलाकों में भारी बारिश होगी। वहीं, पहाड़ों पर बर्फबारी के आसार बन रहे हैं। आईएमडी ने कहा है कि इससे उत्तर, पश्चिम और मध्य भारत के बड़े हिस्सों में तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी। ग्वालियर चंबल अंचल भी शुक्रवार की रात से बारिश होने की संभावना है।

मौसम विभाग के मुताबिक, 27 और 28 दिसंबर को हल्की से लेकर व्यापक बर्फबारी और बारिश का अनुमान है। आईएमडी ने कहा है कि पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, पूर्वी राजस्थान, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा और मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में 27 और 28 दिसंबर को हल्की से लेकर मध्यम बारिश और आंधी-तूफान की संभावना है। इस दौरान 30-50 किमी/घंटा की गति से हवाएं चलने की संभावना है।

आईएमडी के मुताबिक, 27 दिसंबर को पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, चंडीगढ़, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, राजस्थान, विदर्भ, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा और गुजरात में आंधी-तूफान के साथ ओलावृष्टि होने की संभावना है। मध्य प्रदेश में भी 27 और 28 दिसंबर को इस तरह की स्थितियां उत्पन्न हो सकती हैं। मौसम विभाग ने नागरिकों से इस मौसम परिवर्तन के लिए तैयार रहने और यात्रा में संभावित रुकावटों और प्रतिकूल मौसम स्थितियों के प्रति सतर्क रहने की अपील की है, क्योंकि यह सर्दियों का पहला प्रमुख तूफान होगा।

अधिकारियों ने बताया कि शुक्रवार और शनिवार को कश्मीर के ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी का अनुमान है क्योंकि पश्चिमी विक्षोभ इस क्षेत्र को प्रभावित करने वाला है। कश्मीर में कई स्थानों पर रात के तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे घाटी में ठंड का प्रकोप जारी रहा। पारे में गिरावट के कारण जलापूर्ति वाले पाइप में पानी जम गया है। वहीं डल झील सहित कई जलाशयों की सतह पर बर्फ की पतली परत जम गई है।

 

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments