ग्वालियर। पूर्व मंत्री श्री जयभान सिंह पवैया ने फूलबाग स्थित वीरांगना लक्ष्मीबाई की समाधि स्थल पर 17 एवं 18 जून को आयोजित होने वाले वीरांगना बलिदान मेले की तैयारियों को लेकर निरीक्षण किया तथा आवश्यक दिशा निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। निरीक्षण के दौरान नगर निगम आयुक्त श्री शिवम वर्मा , एडिशनल एसपी सुश्री हितिका वसल एवं जिला प्रशासन व पुलिस प्रशासन के अधिकारी एवं वीरांगना बलिदान मेला समिति के प्रमुख पदाधिकारी उपस्थित रहे।
वीरांगना बलिदान मेला आयोजन समिति के संस्थापक अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री श्री पवैया ने बताया कि कोरोना संकट के चलते कोविड-19 की गाइडलाइन का पालन करते हुए बलिदान मेले का आयोजन किया जाएगा।
श्री पवैया ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वीरांगना मेले के दौरान प्रतिमा स्थल की साफ-सफाई एवं रोशनी व्यवस्था चाक-चौबंद हो तथा 17 एवं 18 जून को समाधि स्थल पर पर्याप्त रोशनी की जाए, जिससे वीरांगना को श्रद्धा सुमन अर्पित आने वालों को वीरांगना लक्ष्मीबाई की प्रतिमा के दर्शन हो सकें।
इसके साथ ही पड़ाव से लेकर गुरुद्वारा चौराहे तक साफ सफाई की व्यवस्था करें तथा 17 जून की शाम शहर के जिन 51 चौराहों व तिराहों पर वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई के चित्र के साथ दीपांजलि अर्पित की जाएगी, उन सभी चौराहों पर साफ सफाई एवं रोशनी की व्यवस्था की जाए।
इसके साथ ही कार्यक्रम के दौरान सैनिटाइजेशन सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्ण की जाएं।