Homeप्रमुख खबरेंबांग्लादेश के पीडि़त हिंदुओं के समर्थन में हजारों लोगों का धरना प्रदर्शन

बांग्लादेश के पीडि़त हिंदुओं के समर्थन में हजारों लोगों का धरना प्रदर्शन

-कहा-जब तक हिंदुओं को संरक्षण नहीं मिलेगा तब तक करेंगे आंदोलन
-हजारों लोगों ने फूलबाग चौराहे पर किया धरना-प्रदर्शन
-संत समाज ने राष्ट्रपति के नाम सौंपा चार सूत्रीय ज्ञापन
ग्वालियर / बांग्लादेश में हिंदुओं पर बर्बर अत्याचार के खिलाफ सकल हिंदू समाज ने मंगलवार को फूलबाग चौराहे पर विशाल धरना-प्रदर्शन किया। आक्रोशित हजारों हिंदुओं ने बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचार को नहीं सहेगा हिंदुस्तान, हिंदुओं पर बांग्लादेश में अत्याचार फिर क्यों चुप है दुनिया का मानव अधिकार, प्रताडि़त हिंदू करे पुकार, हमारी भी सुध ले यह संसार, कल नहीं कुछ हल बचेगा, आज जगे तो कल बचेगा, मंदिरों में तोडफ़ोड़, महिलाओं से बलात्कार, हिंदुओं पर अत्याचार करने वाले का हो बहिष्कार, हिंदुओं पर अत्याचार, बंद करे बांग्लादेश सरकार और भारत माता के गगनभेदी जयकारे के साथ संकल्प लिया जब तक संयुक्त राष्ट्रसंघ और बांग्लादेश सरकार हिंदुओं का संरक्षण और उनको न्याय नहीं दिलवाएगी तब तक हम आंदोलन करते रहेंगे।
संत समाज ने  राष्ट्रपति के नाम एसडीएम को चार सूत्रीय ज्ञापन सौंपा

ज्ञापन में मांग की गई कि भारत सरकार बांग्लादेश में अमानुषिक अत्याचार पर वहां की सरकार के समक्ष कड़ी आपत्ति जताए और वहां के हिंदू समुदाय की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कूटनीतिक दबाव डाले। संयुक्त राष्ट्र एवं अन्य अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार संगठनों से इस विषय पर संज्ञान लेने और आवश्यक कार्रवाई करने का अनुरोध किया जाए। साथ ही इन घटनाओं को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मीडिया में प्रमुखता से प्रकाशित किया जाए ताकि विश्व समुदाय इस गंभीर समस्या से अवगत हो सके। इसके अलावा भारत सरकार पीडि़त परिवारों को आर्थिक, कानूनी एवं मानसिक सहायता प्रदान करे तथा उन्हें पुनर्वास हेतु हर संभव सहायता दी जाए।

 

मुख्य वक्ता जितेंद्र पवार बोले बांग्लादेश जिहादी मानसिकता की जकड़ में

विश्व हिंदू परिषद के क्षेत्र संगठन मंत्री जितेंद्र पवार ने बांग्लादेश में पीडि़त हिंदुओं व अन्य अल्पसंख्यकों की दुर्दशा पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि आज बांग्लादेश जिहादी मानसिकता की जकड़ में है। उन्होंने हैरानी जताते हुए कहा कि जिन बांग्लादेशियों को पाकिस्तान की सेना के अत्याचारों से हमारी जाबांज सेना ने मुक्ति दिलाई थी। इन अहसान फरमोशों ने उनके पुतलों को भी नहीं बख्शा। आज बांग्लादेश में हिंदू अपनी अस्मिता बचाने के लिए संघर्ष कर रहा है और हमारे देश के धर्म निरपेक्षवादी सहित पूरे विश्व का मीडिया मौन है। भारत में जो फिलिस्तीनी आंतकवादियों के लिए आंसू बहाते थे वह भी चुप हैं। अगर आज हम एकजुट नहीं हुए तो भविष्य में इसके गंभीर परिणाम होंगे।

श्री पवार के अलावा राजेश वाधवानी, वसंत गोडय़ाले, रेखा भदौरिया, डॉ.करुणा सक्सेना ने भी कट्टर इस्लामियों का विरोध करने के लिए हिंदुओं से एकजुट होने का आव्हान किया।

फूलबाग चौराहे से पड़ाव होते हुए निकाली विशाल रैली

इस दौरान हजारों हिंदुओं ने भारत माता और जय श्री राम के गगनभेदी नारे लगाते हुए फूलबाग चौराहे से पड़ाव होते हुए रैली निकाली। जिसका समापन फूलबाग चौराहे पर हुआ। इस अवसर पर महामंडलेश्वर हरीदास महाराज जड़ेरुआ सरकार, गंगादास शाला के महंत रामसेवक दास महाराज, अण्णा मठ के मनीष जी महाराज, मोटे गणेश मंदिर के पुजारी सुभाष नगरकर जी, रामकृष्ण मिशन आश्रम के सुप्रदीप्तानंद जी, अजगर खो मोतीझील के विशंभर दास जी महाराज, भगवान पुरा विरावली के हरिज्ञानानंद महाराज, सनातन धर्म मंदिर के रमाकांत शास्त्री मंचासीन रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ.रामकिशोर उपाध्याय ने किया।

मुस्लिम भी आए हिंदुओं के समर्थन में

इस विशाल विरोध प्रदर्शन में बांग्लादेश में पीडि़त हिंदुओं के समर्थन में इंसानियत के पक्षधर मुस्लिम भी आए। वरिष्ठ अभिभाषक और भारत फस्र्ट संगठन के राष्ट्रीय संयोजक शीराज कुरैशी सहित कई मुस्लिम उपस्थित रहे।

यह ली शपथ

इस दौरान हजारों हिंदुओं ने बांग्लादेश में हिंदू अल्पसंख्यकों पर हो रहे अत्याचारों के प्रति गहरी संवेदना प्रकट करते हुए उनके समर्थन में सदैव खड़े रहने का संकल्प लिया। उन्होंने संकल्प लेते हुए कहा कि बांग्लादेश के पीडि़त हिंदू समुदाय के सम्मान, सुरक्षा और धार्मिक स्वतंत्रता के लिए हर संभव प्रयास करूंगा। अन्याय के खिलाफ अपनी आवाज उठाने और समाज में जागरूकता फैलाने हेतु सक्रिय भागीदारी निभाऊंगा। मैं भाषा, क्षेत्र और जाति के नाम पर नहीं बंटने का संकल्प करते हुए सकल हिंदू समाज के कल्याण व एकता के लिए कार्य करने की भी प्रतिज्ञा करता हूं।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments