Homeप्रमुख खबरेंबापू की पुण्यतिथि पर आज भोपाल में हनुमान चालीसा का सवा करोड़...

बापू की पुण्यतिथि पर आज भोपाल में हनुमान चालीसा का सवा करोड़ जाप

भोपाल /मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के मिंटो हॉल में गुरुवार यानी 30 जनवरी को महात्मा गांधी की पुण्यतिथि के मौके पर हनुमान चालीसा का सवा करोड़ जाप किया जाएगा। जाप कार्यक्रम के प्रमुख पं. विजय शंकर मेहता के अनुयायी टीवी पर सीधे प्रसारण के दौरान यह जाप करेंगे। राज्य के जनसंपर्क मंत्री पी.सी. शर्मा ने बुधवार को बताया, ’30 जनवरी को महात्मा गांधी की पुण्यतिथि है और इस मौके पर मिंटो हॉल में शाम 7.30 बजे से 8.30 बजे के बीच पंडित विजय शंकर मेहता सवा करोड़ हनुमान चालीसा का जाप करेंगे। इस आयोजन में मुख्यमंत्री कमलनाथ भी शामिल होंगे।’

एक साथ सवा करोड़ हनुमान जाप कैसे होगा, इस सवाल पर कांग्रेस के मीडिया विभाग की अध्यक्ष शोभा ओझा का कहना है, ‘गांधी जयंती के मौके पर होने वाले हनुमान चालीसा का एक धार्मिक चैनल के जरिए लाइव प्रसारण किया जाएगा। पंडित मेहता के लाखों अनुयायी देश और दुनिया के विभिन्न हिस्सों में हैं, जो एक साथ जाप करेंगे। इस तरह सवा करोड़ जाप हो जाएगा।’

बता दें कि पं. मेहता ने विवेकानंद की जयंती पर महादिवस के आयोजन के सीधे प्रसारण के समय कहा था कि धार्मिक चैनल 56 देशों में देखा जाता है और 30 जनवरी की शाम भोपाल में विशेष कार्यक्रम होने जा रहा है। उस दिन भी इसी तरह लोग एक साथ जमा होंगे और हनुमान चालीसा का पाठ करेंगे।

भाजपा ने कमलनाथ सरकार के इस आयोजन पर सवाल उठाया है। पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष राकेश सिंह ने कहा, ‘कांग्रेस को लगता है कि वह देश की बहुसंख्यक आबादी को हनुमान चालीसा या इसी तरह के अन्य किसी पाठ के माध्यम से भ्रमित करेगी, तो यह गफलत में है। वैसे देश में इस तरह के आयोजन की सभी को आजादी है, अगर वे ऐसा करते हैं तो उनको इसकी स्वतंत्रता है। मगर वे यह जान लें कि इससे देश का एक बड़ा वर्ग भ्रमित होने वाला नहीं है।’

राज्य में औद्योगिक विकास और निवेश को प्रोत्साहित करने के लिए राज्य सरकार के प्रयासों का ब्यौरा देते हुए शर्मा ने बताया, ‘राज्य में उद्योग लगाने के लिए आवेदन देने पर सात दिन के अंदर अनुमति दे दी जाएगी और विभाग की ओर से अगर अनुमति नहीं दी जाती है तो उसे अनुमति दिया जाना माना जाएगा।’

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments