टेरेसा मे की ब्रेक्जिट नीति की मुखर आलोचक रहीं प्रीति पटेल ने ब्रिटेन के नये प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन की कैबिनेट में गृह मंत्री के रूप में कार्यभार संभाला। इसके साथ ही वह ब्रिटेन में भारतीय मूल की पहली गृह मंत्री बन गई हैं। प्रीति पाकिस्तानी मूल के साजिद जावेद की जगह लेंगी, जिन्हें वित्त मंत्रालय का प्रभार सौंपा गया है। जावेद नस्लीय अल्पसंख्यक समुदाय से आने वाले ब्रिटेन के पहले वित्त मंत्री हैं।
प्रीति कंजरवेटिव पार्टी नेतृत्व के लिए ”बैक बोरिस अभियान की प्रमुख सदस्य थीं और पहले से संभावना थी कि उन्हें नयी कैबिनेट में कोई बड़ी जिम्मेदारी दी जा सकती है। प्रीति ने कहा कि गृह मंत्री की जिम्मेदारी सौंपे जाना सम्मान की बात है। उन्होंने कहा, ”मैं अपने देश एवं हमारे लोगों को सुरक्षित रखने और सड़कों पर बढ़ रहे अपराधों को रोकने के लिए हर संभव कोशिश करूंगी। मैं आगे आने वाली चुनौतियों से निपटने के लिए तैयार हूं।