भोपाल /ग्वालियर /13 जनवरी 2026/भाजपा के लिए संगठन से जुड़ी फर्जी कार्यकारिणीयों का वायरल होना बड़ा सिरदर्द बन गया है ऐसा ही मामला आज एक जिले की फर्जी सूची सामने आने के बाद भाजपा की टेंशन बढ़ गई और आनन फानन में प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल को प्रेस नोट जारी करके इसका खंडन करना पड़ा।
गौरतलब है कि समय समय पर विविध स्तर की नियुक्तियों की फर्जी सूचियां वायरल होने से बीजेपी की परेशानियां बढ़ती रही हैं. ऐसे मामलों को लेकर बीजेपी प्रदेश संगठन चिंता करता रहा है. वहीं, संगठन से जुड़ी हुई कई सूचियां सोशल मीडिया पर वायरल हो जाने से नेता परेशान हैं.
ऐसा ही एक मामला ग्वालियर जिला कार्यकारिणी को लेकर आज सामने आया अचानक ग्वालियर जिला कार्यकारिणी की सूची सोशल मीडिया पर ट्रेंड करने लगी चूंकि ग्वालियर जिला कार्यकारिणी विवादों के चलते लम्बे समय से होल्ड पर है अतः सूची वायरल होते ही यह खबर भोपाल से लेकर ग्वालियर तक आग की तरह फैल गई।

सोशल मीडिया पर वायरल ग्वालियर जिला कार्यकारिणी की फर्जी सूची जिसने आज बढ़ाया भाजपा का टेंशन
संगठन से जुड़े नेताओं को जब यह पता लगा तो वह सन्न रह गए। आनन फ़ानन में भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल ने अपने सभी सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर पार्टी की तरफ से बयान जारी किया और मीडिया पर वायरल हो रही ग्वालियर जिला कार्यकरणी की सूची को फर्जी बताया।
उन्होंने लिखा कि भारतीय जनता पार्टी ग्वालियर जिले की कार्यकारिणी से संबंधित प्रसारित हो रही सूची भ्रामक एवं असत्य है।पार्टी द्वारा अधिकृत घोषणा होने पर ही कार्यकारिणी सार्वजनिक की जाएगी।