Homeप्रमुख खबरेंभारत की बेटी निशानेबाज़ मनु भाकर ने पेरिस ओलंपिक में देश को...

भारत की बेटी निशानेबाज़ मनु भाकर ने पेरिस ओलंपिक में देश को दिलाया पहला पदक

भारत की बेटी निशानेबाज़ मनु भाकर ने  आज भारत को पेरिसओलंपिक में पहला पदक दिलाया पेरिस ओलंपिक में रविवार को 10 मीटर एयर पिस्टल शूटिंग के महिला वर्ग के फ़ाइनल में तीसरे स्थान पर रही हैं.

उन्हें कांस्य पदक मिला है. इसी के साथ पेरिस ओलंपिक में भारत को अपना पहला पदक मिल गया है.

उन्हें मुक़ाबले में 221.7 प्वाइंट हासिल हुए हैं.

इस मुक़ाबले में पहला और दूसरा स्थान पर दक्षिण कोरिया की खिलाड़ियों को मिला.

243.2 अंकों के साथ पहले स्थान पर रहीं ओ ये जिन और 241.3 अंकों के साथ दूसरा स्थान किम येजी को मिला.

उम्मीद की जा रही थी कि वो भारत के लिए पेरिस ओलंपिक का पहला मेडल जीतने में क़ामयाब होंगी, और उन्होंने ये ऐतिहासिक कारनामा कर दिखाया.

साथ ही वो ओलंपिक खेलों में मेडल जीतने वाली पहली महिला शूटर बन गई हैं.

बेटी की जीत पर क्या बोले माता-पिता?

मनु भाकर की जीत के बाद हरियाणा के झज्जर ज़िले के गोरिया गांव में उनके घर पर जश्न का माहौल है.

मनु भाकर की मां सुमेधा भाकर ने समाचार एजेंसी एएनआई से कहा, “मेरी मनु से कभी कोई उम्मीद नहीं रही. मैं बस इतना चाहती हूं कि मेरी बेटी जहां जाए खुश होकर आए, उसका दिल न टूटे.”

उनके पिता रामकिशन भाकर ने मीडिया से कहा, “मुझसे ज़्यादा यहां पड़ोसी खुश हैं. मनु ने पेरिस ओलंपिक में मेडल की शुरुआत की है और पूरा देश खुश है. इसके लिए मैं सभी देश वासियों का धन्यवाद करता हूं. “

“मनु को उपकरणों आदि में हर जगह से मदद मिली है, खेल मंत्रालय और फ़ेडरेशन से भी. जसपाल राणा के साथ जुड़ने के बाद मनु का हौसला बहुत बढ़ा हुआ है.”

मनु भाकर के पिता राम किशन ने कहा, “मनु 2016 में जब 10वीं में थीं तबसे ही वो शूटिंग की प्रैक्टिस कर रही हैं. बीच में मनु इस खेल से हट कर कुछ और करने की सोचने लगी थी. यह मनु की पुरानी आदत है जैसा उसने कराटे में नेशनल जीतने के बाद बताया कि मैं अब ये गेम नहीं खेलूंगी. उसी तरह हमने इस मामले को भी सामान्य तौर पर लिया था.”

“शूटिंग के लिए यह सफलता बहुत ज़्यादा ज़रूरी थी, क्योंकि इसमें क़रीब 20 हज़ार बच्चे अभ्यास कर रहे हैं, इसमें हरियाणा के बहुत सारे शूटर हैं. इससे खिलाड़ियों को बहुत अधिक बूस्ट मिलेगा और यह गेम अपनी नई उचाईयों पर जाएगा.”

“मनु ने 10वीं तक बहुत सारे गेम बदले हैं. कराटे में उसने नेशनल में सिल्वर मेडल जीता था. इसके अलावा स्केटिंग और बॉक्सिंग भी किया है.”

उनका कहना है कि अभी भी मनु भाकर के दो इवेंट बाक़ी हैं, मुझे उम्मीद है कि वो अच्छा प्रदर्शन करेंगी.

राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री ने दी बधाई

मनु भाकर के पदक जीतने पर मनु भाकर को भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मूर्मू ने उन्हें बधाई दी.

उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, “वो शूटिंग प्रतियोगिता में ओलंपिक मेडल जीतने वाली पहली भारतीय महिला हैं. भारत को मनु भाकर पर गर्व है.”

मनु भाकर की इस सफलता के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी  ने भी एक्स अकाउंट से पोस्ट करते हुए लिखा, “एक ऐतिहासिक पदक! बहुत बढ़िया मनु भाकर पेरिस ओलंपिक में भारत का पहला पदक जीतने के लिए.”

प्रधानमंत्री ने मनु को बधाई देते हुए लिखा, “कांस्य पदक के लिए बधाई.यह सफलता और भी खास है क्योंकि वह भारत के लिए निशानेबाजी में पदक जीतने वाली पहली महिला बन गई हैं. एक अविश्वसनीय उपलब्धि!”

खेल मंत्री मनसुख मांडवीय ने मनु भाकर के ब्रॉन्ज़ मेडल जीतने को गर्व का पल बताया है.

उन्होेंने लिखा, “बधाई हो मनु, आपने अपना कौशल और समर्पण दिखाया है, आप भारत के लिए ओलंपिक पदक जीतने वाली पहली महिला शूटर बन गई हैं.”

वहीं कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यतक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने लिखा, “आपकी उपलब्धि आपके असाधारण कौशल और दृढ़ता का सबूत है. हमें आप पर बेहद गर्व है! यह महत्वपूर्ण अवसर अनगिनत युवा एथलीटों को उत्कृष्टता के लिए प्रयास करने के लिए प्रेरित करेगा.

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments