–करोड़ों क्रिकेट फैंस के लिए इंतजार की घड़ियां खत्म हुईं। वर्ल्ड कप में भारत-पाकिस्तान के बीच कल महामुकाबले का बिगुल बज चुका है।
आईसीसी विश्व कप में 16 जून (रविवार) को भारत का मुकाबला पाकिस्तान से होना है। टीम इंडिया फिलहाल इस मैच में जीत की प्रबल दावेदार मानी जा रही है, क्योंकि विश्व कप में आज तक कभी भारत पाकिस्तान से हारा नहीं है। हालांकि बारिश की आशंका बनी हुई है और ऐसे में दोनों देशों के क्रिकेट फैन्स को निराशा झेलनी पड़ सकती है। टीम इंडिया के रोहित शर्मा और विराट कोहली के खिलाफ देखना होगा कि मोहम्मद आमिर और वहाब रियाज किस रणनीति के साथ गेंदबाजी करते हैं। इसके अलावा देखना होगा कि जसप्रीत बुमराह और भुवनेश्वर कुमार इमाम-उल हक और फखर जमां को कितना परेशान कर पाते हैं।
सचिन तेंदुलकर ने भी भारतीय बल्लेबाजों को आमिर के खिलाफ अधिक आक्रामक होने की सलाह दी जबकि कप्तान विराट कोहली ने कहा कि वे आदर्श मानसिकता के साथ मैदान पर उतरें, हालांकि पहली बार पाकिस्तान के खिलाफ खेल रहे खिलाड़ियों के लिए ये मौका थोड़ा दबाव बढ़ाने वाला होगा। भारत-पाक के बीच क्रिकेट मुकाबला विश्व कप का हो या फिर कोई और मैच, ये कुछ इस तरह का होता है कि फैन्स मैच के नतीजे के हिसाब से नायक और विलेन बना लेते हैं जो ताउम्र बरकरार रहते हैं। अजय जडेजा की 1996 विश्व कप क्वॉर्टरफाइनल में वकार यूनिस की गेंदों पर ताबड़तोड़ बल्लेबाजी हो या फिर सलीम मलिक का ईडन गार्डन्स में 1987 में लक्ष्य का पीछा करते हुए 35 गेंद में 72 रन की पारी खेलकर 90 हजार से ज्यादा दर्शकों को हैरान करना।
ब्लैक में भी बिक रहे हैं मैच के टिकट
फैन्स के लिए ये मैच कितना अहम है, इसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि वे ब्लैक में भी ज्यादा दाम में टिकट खरीदने को तैयार हैं जबकि मौसम उनका मजा बिगाड़ सकता है। भारत ने अभी तक विश्व कप में पाकिस्तान के खिलाफ सभी छह मैचों में जीत हासिल की है जो एकतरफा रहे। दोनों देशों के बीच बढ़ते सीमा पार तनाव के कारण कई सालों से कोई द्विपक्षीय सीरीज नहीं खेली गई है। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शानदार प्रदर्शन के बाद आमिर का पहला स्पेल निश्चित रूप से उनकी टीम के लिये काफी अहम होगा। राहुल और रोहित शर्मा पारी के शुरू में बहुत कम फुटवर्क दिखाते हैं जिससे उन्हें थोड़ा ज्यादा सतर्क रहना होगा।