नई दिल्ली: अरब सागर के दक्षिण पूर्वी क्षेत्रों और लक्षद्वीप के आसपास सोमवार को हवा के कम दबाव का क्षेत्र बनने के कारण मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में तटीय इलाकों में चक्रवाती तूफान की चेतावनी जारी की है. और उधर, राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सोमवार को सर्वाधिक 48 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया. उत्तर भारत के मैदानी इलाकों, राजस्थान, मध्य प्रदेश और दिल्ली सहित आसपास के इलाकों में भीषण गर्मी का कहर जारी है. दिल्ली के पालम इलाके में सोमवार को अधिकतम तापमान 48 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया.
कोंकण और गोवा में तेज बारिश की आशंका
मौसम विभाग द्वारा जारी परामर्श के अनुसार अरब सागर के मध्य पूर्वी और दक्षिण पूर्वी क्षेत्र में नौ जून को दोपहर हवा के कम दबाव का क्षेत्र बनने के बाद चक्रवाती तूफान की आशंका उत्पन्न हुई. विभाग ने इसके मद्देनजर दक्षिण और पश्चिमी इलाकों, केरल, तटीय कर्नाटक, कोंकण और गोवा में अगले तीन दिनों तक तेज बारिश की आशंका व्यक्त की है.
इसके साथ ही इन इलाकों में चक्रवाती तूफान की आशंका व्यक्त करते हुये विभाग ने केरल, तटीय कर्नाटक और दक्षिणी महाराष्ट्र में 11 जून को 65 से 85 किमी प्रति घंटे की गति से तेज हवायें चलने की आशंका जतायी है. इसके अलावा 12 और 13 जून को अरब सागर के मध्य पूर्वी और उत्तर पूर्वी क्षेत्रों में 90 से 115 किमी प्रति घंटे की गति से तूफानी हवाओं का असर दक्षिणी गुजरात और महाराष्ट्र के तटीय इलाकों में 50 से 70 किमी प्रति घंटा की गति से तूफानी हवाओं के रूप में देखने को मिल सकता है. विभाग ने तटीय इलाकों में मछुआरों को अगले तीन दिनों तक समुद्र में नहीं जाने का परामर्श दिया है.