Homeप्रमुख खबरेंग्वालियर अंचल में पारा पहुंचा 48 के पास,गर्मी ने कई वर्षो का...

ग्वालियर अंचल में पारा पहुंचा 48 के पास,गर्मी ने कई वर्षो का रिकॉर्ड तोड़ा

 ग्वालियर अंचल में जारी भीषण गर्मी ने सोमवार को पिछले पांच दशक से पुराने रिकॉर्ड को ध्वस्त कर दिया। ग्वालियर में सोमवार को तापमापी का पारा 48 डिग्री के पास जा पहुंचा। मौसम विभाग के मुताबिक ग्वालियर में आज का अधिकतम तापमान 47.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो इस मौसम का सर्वाधिक था। उधर मध्यप्रदेश का नोगांव आज भी भट्टी की तरह तपता रहा। यहां का टेम्परेचर 49 डिग्री को पार कर गया।
इन स्थानों पर गर्मी का कहर इस कदर हावी रहा कि दोपहर होते होते सड़कों पर सन्नाटा पसर गया। गर्म हवाओं के चलते लोग घरों पर ही दुबके रहे।
तेजी से आगे बढ़ रहा है मानसून
 एक तरफ जहां मध्यप्रदेश राजस्थान जैसे राज्यों में  प्रचंड गर्मी पड़ रही है वहीं एक अच्छी खबर यह है कि मानसून अब ठीक प्रकार से आगे बढ़ रहा है। मानसून केरल के तट पर भले ही 8 दिन देरी से आया हो परंतु हाईस्पीड ट्रेन की तरह अब शायद मानसून भी टाइम मिलाने की कोशिश कर रहा है। वो सामान्य से काफी तेज रफ्तार से आगे बढ़ रहा है। संडे को मुंबई समेत महाराष्ट्र के कई शहरों में झमाझम बारिश हुई। उम्मीद है अगले 48 घंटे में मध्यभारत तक ठंडी हवाएं पहुंच जाएंगी।
भारतीय मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिमी मानसून एक हफ्ते की देरी से आने के बावजूद अगले 48 घंटे में यानी मंगलवार तक पूर्वोत्तर राज्यों में भी अपना असर दिखा सकता है। इन राज्यों में भी मानसून के बेहतरीन हालात बन गए हैं। हालांकि, मौसम विभाग का कहना है कि ओडिशा में मानसून पहुंचने में देरी हो सकती है।
रविवार को मुंबई महाराष्ट्र के कुछ शहरों में हुई झमाझम बारिश ने लोगों को भिगो दिया। प्री-मानसून बारिश की वजह से लोगों को तपन से राहत मिली है वहीं मौसम विभाग का अनुमान है कि राज्य में अगले कुछ दिनों में मानसून भी दस्तक दे सकता है।
सरकारी मौसम विभाग का कहना है कि दक्षिण पूर्वी और पूर्वी मध्य अरब सागर के अलावा लक्षद्वीप में चक्रवाती तूफान आने के हालात बन रहे हैं। इन इलाकों में हवा का निम्न दबाव है। यह दबाव आगे उत्तर और उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ेगा। अगले 48 घंटे में यह दबाव और बढ़ सकता है। इसके चलते मुंबई की अधिकांश जगहों में 11 और 12 जून के आसपास हल्की से मध्यम बारिश की उम्मीद है।
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments