विदिशा जिले के गंजबासौदा में गुरुवार रात 9 बजे बड़ा हादसा हो गया। यहां कुएं में एक बच्चे के गिरने के बाद उसे निकालने के लिए पहुंचे लोगों के वजह ने कुआं धंस गया। कई लोग अंदर गिर गए। इनकी संख्या स्पष्ट नहीं है लेकिन खबर लिखे जाने तक 20 लोगों को निकालकर अस्पताल पहुंचाया जा चुका था। इस दौरान रात को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी विदिशा जिले में ही थे। उन्होंने मौके पर अधिकारियों को रवाना कर दिया है। विदिशा के प्रभारी मंत्री विश्वास सारंग को भी भोपाल से रवाना किया। सीएम ने ट्वीट कर घटना की जानकारी दी है। मौके पर राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया गया है। NDRF और SDRF की टीम को रवाना किया गया है।
गंजबासौदा के लाल पठार पर रात को एक 14 साल का लड़का कुएं में गिर गया था। कुएं में पानी भरा था। इसके बाद वहां भीड़ लग गई। भीड़ के वजन से अचानक कुआं धंस गया। इससे वहां खड़े करीब 25 लोग कुएं में गिर गए। घटना की जानकारी लगते ही प्रशासन के अफसर भी मौके पर पहुंच गए। तुरंत जेसीबी और अन्य मशीनों के जरिए राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। रात करीब 9:55 बजे तक 20 से ज्यादा लोगों को सुरक्षित निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं, 5 लोगों का पता नहीं चला है।


खाली करा रहे कुआं
जानकारी के अनुसार कुआं करीब 30 फीट गहरा है। उसमें 15 से 20 फीट पानी है। रेस्क्यू के लिए कुआं खाली कराया जा रहा है। अंधेरा होने के चलते बचाव एवं राहत कार्य में परेशानी आ रही है।