समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, जम्मू-कश्मीर की जानी-मानी इन्फ़्लुएंसर और रेडियो जॉकी सिमरन सिंह ने गुरुग्राम सेक्टर 47 स्थित अपने फ्लैट में कथित तौर पर आत्महत्या कर ली है.
पुलिस ने बताया कि बुधवार रात को उनका शव उनके कमरे में लटका मिला. हालाँकि मौके से कोई भी सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है.
सिमरन के इंस्टाग्राम पर छह लाख से ज्यादा फॉलोअर्स हैं.
उनकी मौत पर शोक जताते हुए जम्मू-कश्मीर नेशनल कॉन्फ्रेंस ने अपने आधिकारिक अकाउंट से एक्स पर पोस्ट किया है.
उन्होंने लिखा है, “जेकेएनसी के अध्यक्ष डॉ. फ़ारूक़ अब्दुल्लाह, मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्लाह और उपमुख्यमंत्री सुरिंदर चौधरी ने सिमरन सिंह के दुखद और असामयिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है. उन्हें आरजे सिमरन के नाम से जाना जाता था और प्यार से उन्हें “जम्मू की धड़कन” कहा जाता था.”
“डॉ. फ़ारूक़ अब्दुल्लाह और उमर अब्दुल्लाह ने इस कठिन समय में सिमरन के परिवार, दोस्तों और अनगिनत प्रशंसकों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की है. उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति और उनके प्रियजनों को इस अकल्पनीय दुख को सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की है.”
फ़ारूक़ अब्दुल्लाह और उमर अब्दुल्लाह ने एक संयुक्त बयान में कहा, “सिमरन की आवाज़ और करिश्मा जम्मू और कश्मीर की भावना से मेल खाता था. हमारे क्षेत्र के सांस्कृतिक ताने-बाने में उनके योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा.”
आत्महत्या एक गंभीर मनोवैज्ञानिक और सामाजिक समस्या है. अगर आप भी तनाव से गुजर रहे हैं तो भारत सरकार की जीवनसाथी हेल्पलाइन 18002333330 से मदद ले सकते हैं. आपको अपने दोस्तों और रिश्तेदारों से भी बात करनी चाहिए.