किसानों को किया जाएगा राहत राशि का भुगतान
भोपाल / मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि हाल ही में प्रदेश के कुछ जिलों के ग्रामों में हुई असमय वर्षा और ओलावृष्टि से किसानों की फसलों को पहुँचे नुकसान का शीघ्र सर्वे किया जाए। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जहाँ-जहाँ क्षति हुई है, तत्काल सर्वे कराया जाए। साथ ही क्षति का आकलन कर राहत राशि के भुगतान की व्यवस्था भी की जाए।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने निर्देश दिए हैं कि फसल बीमा योजना का लाभ दिलवाना भी सुनिचित करें। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि प्रदेश सरकार संकट की घड़ी में हमेशा किसानों के साथ है। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि अभी जिन किसानों की फसलों का नुकसान हुआ है, वे किसान संकट में हैं, लेकिन उन्हें इस संकट से निकालने का कार्य किया जाएगा। किसानों को चिंतित होने की आवश्यकता नहीं है।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने आज संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों और प्रभावित जिले में कलेक्टर्स से चर्चा कर फसलों के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
सांसद शेजवलकर ने लिया ओला प्रभावित फसलों का जायजा

ग्वालियर / सांसद श्री विवेक नारायण शेजवलकर ने रविवार को भितरवार एवं डबरा क्षेत्र के ओला प्रभावित गाँवों में पहुँचकर फसल नुकसान का जायजा लिया। उन्होंने इस दौरान ओलावृष्टि से प्रभावित किसानों को ढांढस बंधाया कि संकट की इस घड़ी में केन्द्र और राज्य सरकार आप सबके साथ है।
जिले में ओलावृष्टि से हुए फसलों के नुकसान के बारे में मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान को भी सांसद श्री विवेक नारायण शेजवलकर ने ईमेल भेजकर अवगत कराया है। साथ ही आग्रह किया है कि फसलों का जल्द से जल्द सर्वे कराकर किसानों को राहत एवं फसल बीमा का भुगतान कराया जाए।
ओला प्रभावित गाँवों के भ्रमण के दौरान क्षेत्रीय जनप्रतिनिधिगण, एसडीएम एवं अन्य संबंधित अधिकारी सांसद श्री शेजवलकर के साथ थे।