प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को राज्यसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण का जवाब दिया। मोदी के निशाने पर कांग्रेस रही। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जिन्होंने देश में इमरजेंसी लगाई, वे लोकतंत्र पर चर्चा कर रहे हैं। इमरजेंसी में लोकतंत्र का गला घोंटा गया। PM ने कहा, ‘अगर कांग्रेस न होती, तो देश पर इमरजेंसी का कलंक न लगता। कांग्रेस न होती, तो जातिवाद की खाई न होती। कांग्रेस न होती, तो सिखों का नरसंहार न होता।’
मोदी यहीं नहीं रुके। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सोच पर अर्बन नक्सलियों ने कब्जा कर लिया है। उन्होंने कहा, ‘परिवारवाद लोकतंत्र के लिए सबसे बड़ा खतरा है। कांग्रेस की परेशानी ये है कि उन्होंने डायनेस्टी के आगे कुछ सोचा ही नहीं। जब टेलेंट पर परिवार हावी होता है, तो यह दिखाई देता है। कांग्रेस न होती, तो राजनीति परिवारवाद से मुक्त होती। कांग्रेस न होती, तो भारत विदेशी चश्मे के बजाए स्वदेशी संकल्पों के रास्ते पर चलता। कांग्रेस न होती, तो दशकों तक भ्रष्टाचार को संस्थागत बनाकर नहीं रखा जाता।’
प्रधानमंत्री ने कहा कि कोरोना के समय देश के 80 करोड़ से ज्यादा देशवासियों को मुफ्त राशन की व्यवस्था की गई। गरीबों का चूल्हा कभी बंद न हो ऐसा करके भारत ने पूरी दुनिया के सामने उदाहरण पेश किया। यह बड़ी कामयाबी है कि महामारी की रुकावट के बाद भी लाखों परिवारों को गरीबों को पक्का घर देने की दिशा में हम लगातार चलते रहे। जब तक महामारी रहेगी, तब तक सरकार गरीब का जीवन बचाने के लिए जितना खर्च करना पड़ेगा, उतना करेगी। कांग्रेस पर तंज कसते हुए PM ने कहा- कोरोना पर भारत की कोशिशों की दुनियाभर में तारीफ हो रही है। बेहतर होता कि कांग्रेस के लोग इसका यश लेने की कोशिश करते।
PM ने कहा- इस कोरोना काल में दुनिया को दवाई पहुंचाने की बात हो या पर्यावरण संरक्षण की बात हो, भारत की लीडरशिप की दुनिया में चर्चा है। जब संकट का काल होता है, तो चुनौतियां बहुत होती हैं। उस समय दुनिया की पूरी ताकत अपने बचाव में जुटी होती है। ऐसे में मुझे अटल बिहारी जी कविता की पंक्तियां याद आ रही हैं:
व्याप्त हुआ बर्बर अंधियारा
किंतु चीर कर तम की छाती
चमका हिंदुस्तान हमारा।
शत-शत आघातों को सहकर
जीवित हिंदुस्तान हमारा।
जग के मस्तक पर रोली सा
शोभित हिंदुस्तान हमारा।