ईद-उल अजहा (बकरीद) के मौके पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को कानून-व्यवस्था के संबंध में सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं. संवेदनशील स्थानों पर मुस्तैदी के निर्देश देते हुए सीएम योगी ने अधिकारियों से ये भी कहा कि प्रतिबन्धित पशुओं या गोवंशी पशुओं की कुर्बानी के सम्बन्ध में विशेष सतर्कता बरतते हुए इन्हें रोका जाए, ताकि कोई अप्रिय घटना घटित न हो.
शनिवार शाम वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए योगी आदित्यनाथ ने सभी जिलों के अधिकारियों को संबोधित किया. उन्होंने कहा कि सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम सुनिश्चित कर लिए जाएं. उन्होंने हर स्तर पर त्योहार को शान्तिपूर्वक सम्पन्न कराने, सुरक्षा प्रबन्ध चाक-चौबन्द रखने तथा असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगाह रखने के भी निर्देश दिए हैं. योगी ने ये भी स्पष्ट कहा कि परम्परा के विपरीत किसी भी कार्य की मंजूरी न दी जाए.