मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ‘आई लव मोहम्मद’ के समर्थन में बरेली में हुए बवाल के बाद फिर चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि कुछ लोग भारत में रहते जरूर हैं, लेकिन गजवा-ए-हिंद का नारा देकर भारत में देश विरोधी गतिविधियों को बढ़ावा दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि गजवा-ए-हिंद भारत की धरती पर नहीं हो सकेगा। भारत की भूमि महापुरुषों की है, यह देश प्राणों की आहुति देने वाले महापुरुषों के आदर्शों से संचालित होती है।
उन्होंने फिर से सख्त लहजे में कहा कि गजवा-ए-हिंद की कल्पना करना या फिर इसके बारे में सपना देखना भी जहन्नुम में जाने का टिकट बन जाएगा। उन्होंने सावधान करते हुए कहा कि छद्म रूप में भी जो लोग देश विरोधी गतिविधि में लिप्त हैं वे भी कान खोलकर सुन लें, देर-सवेर छांगुर जैसा हाल उनके साथ भी होना है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनपद बलरामपुर में 825 करोड़ लागत की 124 विकास परियोजनाओं के लोकार्पण व शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में एक तरफ विकास अनवरत गति से हो रहा है। वहीं दूसरी ओर कुछ अराजक ऐसे तत्व भी हैं जो विकास कार्यों में बाधा डाल रहे हैं। वे कहीं न कहीं विकास में बाधा डाल रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि त्योहारों के दौरान व्यवधान डालना चाहते हैं। अराजकता को वह अपना जन्मसिद्ध अधिकार मानते हैं।
उन्होंने फिर चेताते हुए कहा कि मैं यह चेतावनी देता हूं कि यदि विकास में बाधा बनेंगे। व्यवधान और अराजकता के माध्यम से विकास योजनाओं को बाधित किया जाएगा। तो फिर यह मानकर चलें कि विकास ही सबसे पहले ऐसे लोगों के विनाश का कारण बनेगा। यदि किसी ने भी त्योहारों और उत्सवों के दौरान व्यवधान उत्पन्न करने की कोशिश भी की तो इसकी भारी कीमत चुकानी पड़ेगी। जिसे उसकी आने वाली कई पीढ़ियां भी याद रखेंगी।
बलरामपुर से जुड़े किस्से का किया जिक्र
मुख्यमंत्री ने अपने भाषण में बलरामपुर से जुड़े एक किस्से का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि कुछ लोग छल-प्रपंच करके समाज की आंखों में धूल झोंकते हैं। जलालुद्दीन नाम का व्यक्ति खुद को ‘छांगुर बाबा’ बताकर हिंदू समाज को धोखा दे रहा था। लेकिन पाप चाहे कितना भी छिपाया जाए, एक दिन उसका घड़ा भरता ही है और धरती माता उसे बर्दाश्त नहीं करती। मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे ही छल करने वाले और राष्ट्र विरोधी ताकतें आज भी सक्रिय हैं, लेकिन इन्हें अब छांगुर जैसे ही अंजाम भुगतने होंगे। उन्होंने जनता से सतर्क रहने और प्रशासन को समय-समय पर ऐसे तत्वों की जानकारी देने की अपील की।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में दोहराया कि उनकी सरकार अपराध और अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। उन्होंने कहा, “कुछ लोगों को लगता है कि सरकार उनके सामने झुक जाएगी। लेकिन डबल इंजन की सरकार का पहला दिन से ही यह निर्णय है कि अपराधियों और गद्दारों को बख्शा नहीं जाएगा।” योगी ने स्पष्ट कहा कि सरकार की संवेदना गरीबों, युवाओं, बेटियों, किसानों और व्यापारियों के साथ है। बेटियों की सुरक्षा से समझौता करने वालों, व्यापारियों के प्रतिष्ठान पर हमला करने वालों या समाज में अराजकता फैलाने वालों को किसी हाल में छोड़ा नहीं जाएगा।