जब भारत और जर्मनी के बीच कांस्य पदक यानी ब्रॉन्ज मेडल के लिए मेच खेला जा रहा था, तब पीएम मोदी योग छोड़ मैच देख रहे थे। इंडिया टुडे की खबर के मुताबिक, भारत और जर्मनी के बीच ब्रॉन्ज मेडल वाले इस ऐतिहासिक मैच को देखने के लिए और इसके लिए समय निकालने के लिए पीएम मोदी ने अपने योग सत्र को भी छोड़ दिया।
पीएम नरेंद्र मोदी ने ओलंपिक में 41 साल बाद पदक जीतने वाली भारतीय पुरुष हॉकी टीम की जीत को ऐतिहासिक करार दिया और कहा कि आज का दिन हर भारतीय की यादों में रहेगा। प्रधानमंत्री ने एक ट्वीट में कहा, ‘ऐतिहासिक! आज का दिन हर भारतीय की यादों में रहेगा। कांस्य पदक भारत लाने पर पुरुष हॉकी टीम को बधाई। इस उपलब्धि से उन्होंने पूरे देश का, खासकर युवाओं का ध्यान अपनी ओर आकृष्ट किया है। भारत को अपनी हॉकी टीम पर गर्व है।’
आठ बार की ओलंपिक चैंपियन और दुनिया की तीसरे नंबर की भारतीय टीम एक समय 1-3 से पिछड़ रही थी लेकिन दबाव से उबरकर आठ मिनट में चार गोल दागकर जीत दर्ज करने में सफल रही। भारत के लिए सिमरनजीत सिंह (17वें मिनट और 34वें मिनट) ने दो जबकि हार्दिक सिंह (27वें मिनट), हरमनप्रीत सिंह (29वें मिनट) और रूपिंदर पाल सिंह ने एक-एक गोल किया।भारतीय टीम ने 1980 मास्को ओलंपिक में अपने आठ स्वर्ण पदक में से आखिरी पदक जीतने के 41 साल बाद ओलंपिक पदक जीता है।