खरगोन /श्रीराम नवमी पर रविवार को निकलने वाली शोभायात्रा पर पथराव के बाद रात भर शहर में कई स्थानों पर आगजनी व पथराव की घटनाएं हुई। पथराव की घटनाओं में खरगोन एसपी सिद्धार्थ चौधरी व टीआई बनवारी मंडलोई सहित करीब आठ पुलिसकर्मी घायल हुए। सोमवार को डीआईजी तिलक सिंह ने एसपी के पैर में गोली लगने की पुष्टि की। साथ ही बताया कि वह खतरे के बाहर हैं। रात भर चली कार्रवाई में पुलिस ने कुल 84 लोगों को गिरफ्तार किया है। डीआईजी ने बताया कि 25 स्थानों पर आगजनी की घटना हुई है, वहीं कुल 27 लोग घायल हुए हैं। खरगोन में हालात पर नियंत्रण के करने के लिए केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल की टुकड़ियां तैनात की गई हैं।खरगोन तालाब चौक में कार्रवाई के लिए पोकलेन मशीन बुलाई गई है और दंगाई पत्थरबाजों के घर बुलडोजर से तुड़ाई जारी है।

गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने वीडियो काल करके खरगोन एसपी सिद्धार्थ चौधरी का हाल जाना, राम नवमी पर हिंसा के दौरान एसपी को पैर में गोली लगी थी। उपद्रव के बाद प्रशासन की कार्रवाई जारी, तालाब चौक के समीप छोटी मोहन टाकीज एरिया में अतिक्रमण पर बुलडोजर चला। इंदौर संभागायुक्त डा. पवन कुमार शर्मा ने बताया कि दंगाइयों के 50 मकानों को चिह्नित कर कार्रवाई की जा रही है। इसके साथ ही इसमें शामिल 4 सरकारी कर्मचारियों पर भी कार्रवाई की गई है।
खरगोन शहर में परीक्षाएं स्थगित
खरगोन शहर में जिन कक्षाओं 8 वीं और महाविद्यालयीन स्नातक और स्नातकोत्तर की आज परीक्षा होनी थी, उनकी परीक्षा स्थगित की गई है। आगामी आदेश पर यह परीक्षाएं आयोजित की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा हम किसी दंगाई को छोड़ेंगे नहीं।

सीएम शिवराज सिंह चौहान ने खरगोन में उपद्रव को लेकर कहा कि खरगोन में दुर्भाग्यपूर्ण घटना हुई है। दंगाई छोड़े नहीं जाएंगे, उन पर कठोरतम कार्रवाई की जाएगी। मध्य प्रदेश की धरती में दंगाइयों के लिए कोई स्थान नहीं है। खरगोन में दंगाई चिह्नित कर लिए गए हैं, जिन्होंने पत्थर चलाए है, संपत्ति को नुकसान पहुंचाया है, उनको दंडित तो करेंगे ही साथ में सार्वजनिक या निजी संपत्ति के नुकसान की वसूली भी करेंगे। सीएम शिवराज ने कहा कि मध्य प्रदेश में हमने लोक एवं निजी संपत्ति नुकसान की वसूली का अधिनियम पास किया है। क्लेम टिब्यूनल का गठन हम कर रहे हैं, नुकसान का आकलन कर वसूली भी करेंगे और कठोरतम दंड देंगे। हम किसी दंगाई को छोड़ेंगे नहीं।
गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा वहां जिन घरों से पत्थर आए हैं, उन घरों को पत्थर का ढ़ेर बनाएंगे
कि खरगोन के गुनहगारों से निपटा जाएगा, वहां जिन घरों से पत्थर आए हैं, उन घरों को पत्थर का ढ़ेर बनाएंगे। मध्य प्रदेश में कानून का राज है और सांप्रदायिक सौहार्द को किसी कीमत पर बिगड़ने नहीं दिया जाएगा। बड़वानी जिले के सेंधवा में अब स्थिति सामान्य है। वहां कर्फ्यू नहीं लगाया गया है। पांच राज्यों के चुनाव परिणामों से आहत लोग चिंगारी लगाने का काम कर रहे हैं। यही देश की, प्रदेश की शांति बिगाड़ना चाहते हैं लेकिन सरकार ऐसे लोगों के मंसूबे कभी पूरे नहीं होने देगी।
गृहमंत्री बोले- पांच राज्यों की हार से आहत लोग आग सुलगा रहे
गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने इस घटना का ठीकरा विपक्ष पर फोड़ा। कहा कि कुछ लोग हैं, जो चुनाव की हार से आहत हैं। पांच राज्यों के परिणाम से आहत हुए हैं, वो कहीं न कहीं चिंगारी का काम करते हैं, सुलगाने का काम करते हैं। वो प्रदेश का अमन-चैन बिगाड़ना चाहते हैं। इन परिणामों से उनको समझ नहीं आ रहा है कि देश क्या चाहता है। इन लोगों के मंसूबे हम पूरे नहीं होने देंगे।
चुनाव करीब आते ही दंगों की शुरुआत क्यों?
कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता केके मिश्रा ने सवाल खड़ा किया है कि आखिरकार क्या कारण है कि चुनावों की नजदीकियों के साथ सांप्रदायिक दंगों की शुरुआत भी हो जाती है? BJP प्रदेश प्रवक्ता रजनीश अग्रवाल ने कहा कि दो पक्ष भिड़े, दो पक्षों में संघर्ष, बंद करिए यह नौटंकी। इसमें सीधे एक पक्ष का षड्यंत्र पूर्वक हमला दिखाई दे रहा है।
लापरवाह अफसर भी नहीं बचेंगे
BJP प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा कि खरगोन की घटना दुर्भाग्यपूर्ण है। जिन लोगों ने पत्थरबाजी की है, कड़ा जवाब मिलेगा। प्रशासन-शासन जो कोई भी हो, जिन्होंने कानून हाथ में लिया है, जिन प्रशासनिक अधिकारियों ने लापरवाही की है वो भी नहीं बचेंगे।
शर्मा बोले- दंगाइयों, अब सोचो कितने पंचर जोड़ने पड़ेंगे
BJP विधायक रामेश्वर शर्मा ने बयान जारी कहा कि दंगाई ध्यान रखना अब कांग्रेस की सरकार नहीं है। देश में मोदी और प्रदेश में बुलडोजर मामा की सरकार है। घर खोद के मैदान बना दिया जाएगा। बुलडोजर मामा के राज में इतनी हिमाकत …एक-एक पत्थर का हिसाब होगा। अब सोचो कितने पंचर जोड़ने पड़ेंगे।
यह है मामला
रविवार को श्रीराम नवमी के अवसर पर शहर के तालाब चौक से शोभायात्रा निकालने की तैयारी की जा रही थी। इस दौरान तालाब चौक श्रीराम मंदिर के सामने झांकियां और डीजे पहुंच रहे थे। डीजे शुरू होने के कुछ देर बाद ही अचानक शोभायात्रा पर पथराव शुरू हो गया। इसके बाद उपद्रवियों ने शहर के कई क्षेत्रों में जमकर उत्पात मचाया। रविवार देर रात इंदौर संभाग आयुक्त पवन शर्मा और आईजी राकेश गुप्ता शहर पहुंचे। वहीं देर रात सांसद गजेंद्र सिंह पटेल जब पथराव क्षेत्र में निरीक्षण कर रहे थे तो वह भी उपद्रवियों से घिर गए, उन्हें जैसे-तैसे बाहर निकाला गया। रात में ही करीब छह जिलों से 400 से अधिक पुलिसकर्मी खरगोन बुलवाए गए।
आगजनी की घटनाएं लगातार होने से जिले के कसरावद, मंडलेश्वर, महेश्वर, सनावद, बड़वाह व भीकनगांव नगरी निकाय के करीब 10 फायर वाहन जिला मुख्यालय बुलाए गए। उपद्रवियों ने फायर वाहनों पर भी पथराव किया। सोमवार सुबह संभाग आयुक्त, आईजी सहित जिले के अधिकारियों ने शहर में घूम कर स्थिति को देखा। घायल होने के कुछ देर बाद टीआई मंडलोई पुनः मैदान में नजर आए। टीआई के सिर व कोहनी में चोट लगी है।