लखीमपुर खीरी कांड को लेकर घिरी भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने शुक्रवार को अपने सभी सांसदों और विधायकों को यह सुनिश्चित करने को कहा कि उनके क्षेत्र में इस तरह की फिर कोई घटना ना हो। इस मामले से अवगत एक नेता ने यह जानकारी दी। पार्टी नेताओं को विवादित बयानों से भी बचने की हिदायत दी गई। लखीमपुर खीरी के सांसद और केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय कुमार मिश्रा टेनी भी इस बैठक में मौजूद थे। टेनी के बेटे को ही हिंसा का मुख्य आरोपी बनाया गया है।
मध्य यूपी में पड़ने वाले अवध क्षेत्र के सांसदों और विधायकों की बैठक के दौरान पार्टी ने यह चेतावनी जारी की। 2022 विधानसभा चुनाव के लिए रणनीति बनाने के लिए यह बैठक मुख्यमंत्री आदित्यनाथ के आधिकारिक आवास 5 कालीदास मार्ग पर हुई। इस बैठक में हिस्सा लेने के लिए योगी आदित्यनाथ भी पहुंचे, जो दिन में गोरखपुर में थे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अलावा बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, महासचिव (संगठन) सुनील बंसल ने भी सांसदों और विधायकों को संबोधित किया। प्रदेश बीजेपी के वरिष्ठ नेताओं ने सांसदों और विधायकों को सजग रहने को कहा। लखमीपुर खीरी जैसी घटना दोबारा ना होने देने और विवादित बयानों से बचने को कहा, जो विपक्ष को और हथियार दे सकता है। इस मामले से अवगत पार्टी नेता ने यह जानकारी दी।