Homeविदेशलद्दाख सीमा पर चीनी गतिविधियों को लेकर अमेरिकी जनरल का चिंताजनक खुलासा

लद्दाख सीमा पर चीनी गतिविधियों को लेकर अमेरिकी जनरल का चिंताजनक खुलासा

एक शीर्ष अमेरिकी जनरल ने बुधवार को कहा कि लद्दाख थिएटर में एलएसी के दूसरी तरफ चीनी गतिविधियां चौंकाने वाली हैं. उन्होंने कहा कि पीपुल्स लिबरेशन आर्मी जो इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार कर रही है वह चिंताजनक है.

यूनाइटेड स्टेट्स आर्मी पैसिफिक के कमांडिंग जनरल चार्ल्स ए फ्लिन ने कहा, “गतिविधियों का जो स्तर है वो चौंकाने वाला है. पीएलए के वेस्टर्न थिएटर कमांड में तैयार किया जा रहा इंफ्रास्ट्रक्चर चिंताजनक है. कोई सवाल पूछे कि ऐसा क्यों हो रहा है और उनके इरादे क्या हैं.”

हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक पत्रकारों से बातचीत के दौरान चार्ल्स ए फ्लिन लद्दाख थिएटर में स्थिति के सवाल का जवाब दे रहे थे.

चार्ल्स ए फ्लिन भारत के चार दिवसीय दौरे पर आए हैं. उन्होंने मंगलवार को सेना प्रमुख जनरल मनोज पांडे से मुलाकात की और द्विपक्षीय रक्षा सहयोग से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की.

इसके अलावा उन्होंने कहा कि भारत और अमेरिका की सेनाएं मिलकर अक्टूबर में हिमालय में 9 से 10 हजार फीट की ऊंचाई पर संयुक्त युद्ध अभ्यास करेंगी.

पूर्व सैन्य अभियान महानिदेशक लेफ्टिनेंट जनरल विनोद भाटिया (सेवानिवृत्त) ने कहा कि चीन के पास लंबे समय से तिब्बत में मल्टीडाइमेंशनल और अत्याधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर है और चीन अपनी सुरक्षा जरूरतों को पूरा करने के लिए इसे लगातार बढ़ा रहा है.

हिंदुस्तान टाइम्स के मुताबिक उन्होंने कहा, “सीमा के सवाल पर हमारे बीच गंभीर मतभेद हैं. इन मतभेदों को राजनीतिक, कूटनीतिक और सैन्य बातचीत के जरिए हल करने की जरूरत है.

भारतीय सेना और पीएलए ने सीमा पर तनाव को शांत करने के लिए 15 दौर की सैन्य वार्ता की है. लेकिन कई सेक्टर में विवाद को लेकर बातचीत हो रही है.

मई 2020 की शुरुआत से भारत और चीन के बीच में सीमा विवाद चल रहा है.

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments