मार्च 2023 तक तैयार हो जाएगी भू-विज्ञान संग्रहालय की प्रथम गैलरी
विक्टोरिया मार्केट में तैयार हो रहा है भू-विज्ञान संग्रहालय
ग्वालियर / महाराज बाडा स्थित विक्टोरिया मार्केट में नगर निगम एवं खान मंत्रालय द्वारा बनाए जा रहे भू विज्ञान संग्रहालय की प्रथम गैलरी मार्च 2023 तक बन कर तैयार हो जाएगी। संग्रहालय में गैलरियों का निर्माण कर रहे जीएसआई विभाग के डिप्टी डायरेक्टर श्री सुबर्तो सरकार ने नगर निगम आयुक्त श्री किशोर कन्याल से मुलाकात की है।
इस संग्रहालय में पृथ्वी पर उत्पत्ति के रहस्यों से पर्दा हटाएगी। इसके साथ ही यह संग्रहालय आमजनों को जीवन के विकास के विभिन्न चरणों की भी जानकारी दी जाएगी। इसके साथ ही पृथ्वी के अंदर पाए जाने वाले रत्नों, हीरे सहित अन्य खनिज पदार्थों को भी इस संग्रहालय में प्रदर्शित किया जाएगा।
उल्का पिंडों की मिलेगी जानकारी
संग्रहालय में आकाश से आने वाले उल्का पिण्डों की भी जानकारी दी जाएगी। साथ ही उल्का पिण्डों को भी प्रदर्शित किया जाएगा।
35 करोड की लागत से हो रहा है तैयार
विक्टोरिया मार्केट के जल जाने के बाद नगर निगम ने इसे करोडों रूपये की लागत से फिर से पुराने स्वरूप में संवारा है। इसके बाद अब खान मंत्रालय द्वारा विक्टोरिया मार्केट में 35 करोड की लागत से संग्रहालय तैयार किया जा रहा है। मार्च 2023 तक जीएसआई द्वारा प्रथम गैलरी का कार्य पूर्ण कर लिया जाएगा।